Indian Army vehicle accident in Doda:जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में गुरुवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में भारतीय सेना के 10 जवान देश सेवा करते हुए शहीद हो गए। इस दर्दनाक हादसे में हरियाणा के गिजाड़ोध गांव निवासी 26 वर्षीय सिपाही मोहित भी शहीद हो गए। हादसा उस समय हुआ जब सेना का एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।
श्रीनगर से डोडा जा रहा था सेना का वाहन
जानकारी के अनुसार, सिपाही मोहित भारतीय सेना की 72 आर्मर्ड रेजिमेंट में तैनात थे। वह वर्ष 2020 में सेना में भर्ती हुए थे और वर्तमान में श्रीनगर क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहे थे। गुरुवार को वह करीब 20 अन्य जवानों के साथ सेना के वाहन से श्रीनगर से डोडा की ओर जा रहे थे। रास्ते में अचानक वाहन चालक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन गहरी खाई में गिर गया। हादसा इतना भयावह था कि 10 जवानों ने मौके पर ही अपने प्राण न्योछावर कर दिए।
गांव में देर शाम पहुंची शहादत की खबर
हादसे की सूचना गुरुवार देर शाम शहीद मोहित के गांव पहुंची, हालांकि परिजनों को रात में यह दुखद समाचार नहीं दिया गया। शुक्रवार सुबह जब परिवार को शहादत की जानकारी दी गई, तो घर में कोहराम मच गया। खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और हर आंख नम हो गई।
एक साल पहले हुई थी शादी
शहीद मोहित करीब डेढ़ माह पहले ही छुट्टी पूरी कर ड्यूटी पर लौटे थे। जाते समय उन्होंने जल्द घर आने का वादा किया था। मोहित की शादी एक वर्ष पूर्व अंजलि से हुई थी और हाल ही में दोनों ने अपनी पहली शादी की सालगिरह मनाई थी। मोहित के पिता सतपाल किसान हैं, माता रेखा गृहणी हैं, जबकि उनका छोटा भाई जितेंद्र वाहन चालक के रूप में कार्य करता है।
पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार
गांव के सरपंच नरेश ने बताया कि शहीद मोहित का पार्थिव शरीर शुक्रवार दोपहर लगभग दो बजे गांव पहुंचेगा। इसके बाद पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। गांव अपने वीर सपूत को नम आंखों से अंतिम विदाई देगा। शहीद मोहित की शहादत को गांव और देश हमेशा गर्व के साथ याद रखेगा।









