Mumbai Ganeshotsav insident: भुलेश्वर में विशाल गणेश प्रतिमा गिरने से दो की मौत, पांच घायल

मुंबई के भुलेश्वर में गणेश आगमन समारोह के दौरान विशाल गणेश प्रतिमा अचानक गिर गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और पांच घायल हुए, जिनमें दो बच्चियां भी शामिल हैं।

मुंबई के भुलेश्वर इलाके में गणेशोत्सव की तैयारियों के बीच शनिवार रात बड़ा हादसा हो गया। बलराम मर्चेंट रोड पर कबूतरखाना के पास जय अंबे चौक में गणेश आगमन समारोह के दौरान ‘भुलेश्वर चा राजा’ की विशाल प्रतिमा अचानक गिर गई। प्रतिमा की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हुए हैं। घायलों में 5 और 7 साल की दो बच्चियां भी शामिल हैं। हादसा रात करीब 10 बजे हुआ, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

ऐसे हुआ हादसा

शनिवार रात ‘भुलेश्वर चा राजा’ की गणेश प्रतिमा को आगमन समारोह के तहत पंडाल की ओर ले जाया जा रहा था। इस दौरान अचानक प्रतिमा गिर गई और उसके नीचे तथा आसपास मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए। हादसा होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और बचाव दल को सूचना दी। इसके बाद फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।

दो लोगों की मौत

हादसे में संकेत नेवशे (33) और बृजेश हेमंत जोशी (30) गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं वैभव घेनंद (38), पवन चौरसिया (25), लावण्या गनेर (5), दिव्या गनेर (7) और कुणाल काशिद (26) घायल हुए हैं। अधिकारियों के मुताबिक सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई गई है।

मौके पर पहुंची टीमें

घटना की जानकारी मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, एंबुलेंस और नगर निगम की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव अभियान चलाकर घायलों को अस्पताल भेजा गया। पुलिस और प्रशासन की टीमें हादसे से जुड़े हालात की जांच कर रही हैं। हालांकि, अभी तक प्रतिमा गिरने की असली वजह को लेकर अधिकारियों की ओर से कोई अंतिम जानकारी सामने नहीं आई है।

सुरक्षा पर सवाल

मुंबई में गणेशोत्सव के दौरान सार्वजनिक गणेश मंडलों की ओर से बड़े स्तर पर प्रतिमाएं स्थापित की जाती हैं। प्रतिमा को पंडाल तक लाने के लिए गणेश आगमन जुलूस निकाले जाते हैं, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। भुलेश्वर में भी शनिवार रात ऐसा ही समारोह चल रहा था। इस साल BMC को गणेश पंडालों के लिए 3,767 आवेदन मिले, जिनमें से 2,729 को मंजूरी दी गई। गणेश चतुर्थी 14 सितंबर को मनाई जाएगी। ऐसे में हादसे के बाद प्रतिमाओं के आगमन और जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

Exit mobile version