Weather Update: IMD ने कई राज्यों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी दी; पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा

14 अगस्त को देश के 16 राज्यों में बारिश, आंधी और गरज-चमक का अलर्ट है। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और हिमाचल में भारी बारिश संभव है, जबकि कुछ इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं।

14 August Weather Alert

Weather Update:देश में मानसून का असर अभी भी बना हुआ है। मौसम विभाग ने 14 अगस्त को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, झारखंड, पश्चिम बंगाल, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, गुजरात और महाराष्ट्र समेत 16 राज्यों में बारिश और आंधी की चेतावनी दी है। कुछ जगहों पर तेज हवाओं की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

16 राज्यों में बारिश

IMD के मुताबिक दिल्ली, यूपी, बिहार, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात और महाराष्ट्र के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। गरज-चमक और बिजली गिरने का खतरा भी रहेगा। बारिश से कई शहरों में तापमान थोड़ा नीचे जा सकता है।

यूपी में कैसा मौसम

उत्तर प्रदेश में 14 अगस्त को कई जिलों में बारिश और आंधी का असर रहेगा। गौतमबुद्ध नगर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, आगरा, मथुरा, कानपुर, झांसी, बहराइच, गोंडा, आजमगढ़, मिर्जापुर, जौनपुर, गोरखपुर, महाराजगंज, सोनभद्र और मऊ में बारिश की संभावना है। पूर्वी यूपी में तेज बारिश और आंधी, जबकि पश्चिमी हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज हवा चल सकती है। लखनऊ में अधिकतम तापमान 35 और न्यूनतम 28 डिग्री रहने का अनुमान है।

पहाड़ों पर खतरा

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण परेशानी बढ़ सकती है। उत्तराखंड के नैनीताल, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, हरिद्वार और पौड़ी गढ़वाल में तेज बारिश और बिजली गिरने की आशंका है। हिमाचल के कुल्लू, मंडी, चंबा, कांगड़ा, सोलन और सिरमौर में भी भारी बारिश हो सकती है। पहाड़ी रास्तों पर भूस्खलन और सड़क बंद होने का खतरा देखते हुए यात्रियों को सावधानी बरतनी चाहिए।

बाकी राज्यों का हाल

बिहार में पटना, गया, रोहतास, औरंगाबाद, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया और किशनगंज समेत कई जिलों में बारिश-आंधी का असर रहेगा। झारखंड में रांची, जमशेदपुर, दुमका और खूंटी में बारिश की संभावना है। पश्चिम बंगाल, पंजाब और राजस्थान के कई हिस्सों में भी मौसम बिगड़ सकता है। मध्य प्रदेश में भोपाल, इंदौर, देवास, सतना और पन्ना समेत कई जिलों में बारिश और तेज हवा का अनुमान है। गुजरात, कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र और विदर्भ में भी बारिश हो सकती है।

तेज हवा और बिजली के दौरान खुले मैदान, पेड़ और कमजोर इमारतों से दूर रहना बेहतर है। किसानों और मछुआरों को भी मौसम विभाग की चेतावनी देखकर ही जरूरी काम करने की सलाह दी गई है।

Exit mobile version