Delhi Monsoon Rain: राजधानी दिल्ली में मानसून की दस्तक के चार दिन बाद अब लोगों को बारिश का असली एहसास होने लगा है। मंगलवार के बाद बुधवार को भी कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई। दिन भर आसमान में बादल छाए रहे और रुक-रुककर बारिश होती रही। मौसम विभाग का कहना है कि गुरुवार को भी यलो अलर्ट जारी रहेगा और अगले तीन दिनों तक इसी तरह का मौसम बने रहने की उम्मीद है।
बुधवार सुबह से ही हल्की बारिश शुरू हो गई थी, लेकिन सबसे तेज बारिश सुबह करीब साढ़े 11 बजे से दोपहर ढाई बजे के बीच हुई। सुबह साढ़े आठ बजे से रात साढ़े आठ बजे तक दिल्ली में औसतन 26.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा 38 मिमी बारिश नजफगढ़ इलाके में रिकॉर्ड की गई।
बारिश की तीव्रता को देखते हुए मौसम विभाग ने पहले जारी किया गया यलो अलर्ट बदलकर ऑरेंज अलर्ट कर दिया। वहीं, रिज क्षेत्र में एक से आठ जुलाई के बीच 79.1 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई, जो सामान्य औसत 31.2 मिमी से लगभग 154 प्रतिशत अधिक है।
बारिश से तापमान में आई राहत
लगातार हुई बारिश का असर तापमान पर भी साफ दिखाई दिया। बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.8 डिग्री कम रहा। यह मंगलवार की तुलना में करीब सात डिग्री कम था। वहीं न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से 2.5 डिग्री कम रहा। इससे लोगों को गर्मी और उमस से काफी राहत मिली।
अगले कई दिनों तक बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को भी पूरे दिन बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में बारिश हो सकती है। अगले तीन दिनों तक भी मौसम ऐसा ही बना रहने की संभावना है। इस दौरान तापमान सामान्य से कम रहेगा और उमस भी कम महसूस होगी।
मौसम विशेषज्ञ महेश पलावत के अनुसार, यह बारिश मानसून ट्रफ के उत्तर की ओर बढ़ने की वजह से हो रही है। फिलहाल यह ट्रफ दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश और दिल्ली के दक्षिणी हिस्सों से होकर गुजर रही है। इसी कारण राजधानी और आसपास के इलाकों में अगले कई दिनों तक अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है।
किस इलाके में कितनी बारिश हुई
बुधवार को सफदरजंग में 26.8 मिमी, पालम में 27.9 मिमी, लोधी रोड में 30 मिमी, आयानगर में 22.2 मिमी, पूसा में 30.5 मिमी, मयूर विहार में 36 मिमी, नजफगढ़ में 38 मिमी, छत्तरपुर में 31.5 मिमी, जनकपुरी में 26.5 मिमी, नारायणा में 16.5 मिमी और झड़ौदा कलां में 32.5 मिमी बारिश दर्ज की गई।
हवा भी हुई सबसे साफ
लगातार बारिश का असर राजधानी की हवा पर भी दिखाई दिया। बुधवार को दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 59 दर्ज किया गया, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है। पिछले करीब दस महीनों में यह सबसे स्वच्छ हवा रही। इससे पहले चार सितंबर 2025 को AQI 58 दर्ज किया गया था।
