Site icon News1India

Delhi-NCR, यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में बारिश का कहर, कई जिलों में अलर्ट जारी

Delhi

Delhi NCR rain: देश के कई हिस्सों में मानसून अपने पूरे जोर पर है। Delhi -NCR में सुबह से ही तेज बारिश हो रही है, जिससे कई इलाकों में जलभराव और यातायात बाधित हो गया है। उत्तर प्रदेश और बिहार में भी झमाझम बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। यूपी के कई जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं और प्रशासन ने अगले 48 घंटे के लिए अलर्ट जारी किया है। वहीं, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश से भूस्खलन और नदियों का जलस्तर बढ़ने जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं। मौसम विभाग ने दिल्ली, यूपी, बिहार, ओडिशा और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में आज भी भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी है।

दिल्ली-NCR में बारिश का दौर

Delhi -NCR में आज सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे और कई इलाकों में झमाझम बरसात ने दिन में ही रात जैसा माहौल बना दिया। मौसम विभाग के अनुसार, दोपहर से शाम तक बारिश की तीव्रता बढ़ सकती है और यह सिलसिला 19 अगस्त तक जारी रह सकता है। स्वतंत्रता दिवस पर भी राजधानी में बादल छाए रहेंगे और बीच-बीच में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।

यूपी में स्कूल बंद, बाढ़ का खतरा

उत्तर प्रदेश में बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के कारण मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। लखनऊ में 1 से 12वीं तक के सभी सरकारी और गैर-सरकारी स्कूल आज बंद रखने के आदेश दिए गए हैं। राज्य के 21 जिलों की 41 तहसीलें बाढ़ की चपेट में हैं, जिससे 1.86 लाख लोग प्रभावित हैं। प्रशासन ने 1100 से अधिक बाढ़ चौकियां स्थापित कर राहत कार्य शुरू कर दिया है।

बिहार और पूर्वी भारत में भी बरसात

बिहार में भी मानसून सक्रिय है। पटना समेत कई जिलों में झमाझम बारिश के साथ मेघ गर्जन की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग ने अगले तीन से चार दिनों तक राज्य में कहीं हल्की तो कहीं भारी बारिश की संभावना जताई है। पूर्वी भारत में ओडिशा, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और तेलंगाना में भी 17 अगस्त तक भारी बारिश का अनुमान है।

उत्तराखंड में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। देहरादून, नैनीताल, पौड़ी, टिहरी समेत आठ जिलों में भूस्खलन और नदियों के उफान का खतरा बढ़ गया है। हिमाचल प्रदेश में शिमला, कांगड़ा, मंडी, सिरमौर और चंबा में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि जम्मू-कश्मीर में 18 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

Exit mobile version