Delhi-NCR Weather: बादलों के बावजूद नहीं मिलेगी उमस और गर्मी से राहत,जानिए कैसा रहेगा आज का मौसम

दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रहने के बावजूद बारिश की संभावना नहीं है। उमस और तेज धूप लोगों को परेशान कर रही है। हल्की बूंदाबांदी की उम्मीद है, लेकिन मौसम विभाग ने कोई अलर्ट जारी नहीं किया।

Delhi NCR weather update

Delhi NCR Weather Update:एनसीआर में मौसम का मिजाज फिलहाल बदला हुआ है। शुक्रवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए हुए हैं, लेकिन बारिश की कोई संभावना नजर नहीं आ रही है। मौसमी गतिविधियों को देखते हुए माना जा रहा है कि अब दिल्ली-एनसीआर से धीरे-धीरे मानसून विदाई की ओर बढ़ रहा है। बारिश की कमी से शहर में उमस और गर्मी बढ़ने लगी है। हालांकि तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं देखा गया, लेकिन उमस भरा मौसम लोगों को खासी परेशानी में डाल रहा है।

राजधानी दिल्ली में आज मौसम विभाग ने किसी प्रकार का अलर्ट जारी नहीं किया है। दिल्ली को ग्रीन जोन में रखा गया है और केवल कहीं-कहीं हल्की बौछार की संभावना जताई गई है। सुबह के समय सतही हवाएं चलने की उम्मीद है, जो थोड़ी राहत पहुंचा सकती हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली का न्यूनतम तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

दिल्ली से सटे गाजियाबाद, नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद जैसे एनसीआर क्षेत्रों में भी इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है। यहां तेज धूप खिली रहेगी और उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान करेगी। गुरुवार को कुछ जगहों पर हल्की बारिश दर्ज की गई थी, जिससे तापमान में मामूली गिरावट देखी गई। गाजियाबाद और नोएडा में जहां पहले अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री तक पहुंचा था, वहीं अब यह 32 डिग्री तक दर्ज किया जा रहा है।

फरीदाबाद और गुरुग्राम में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। तेज धूप और उमस के कारण लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने में परेशानी हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में बारिश की संभावना और भी कम हो जाएगी, जिससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि मानसून अब अपने अंतिम चरण में है।

Exit mobile version