Site icon News1India

कहीं बाढ़, कहीं भूस्खलन… पूरे देश में कहर बरपा रहा मानसून, दिल्ली से लेकर पहाड़ों तक रेड अलर्ट

Delhi

Delhi rain alert: देशभर में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है और इसका असर अब भयावह रूप लेता जा रहा है। Delhi में लगातार हो रही बारिश के चलते मौसम सुहाना जरूर हो गया है, लेकिन पहाड़ी इलाकों में हालात बिगड़ते जा रहे हैं। हिमाचल में सड़कों के नदी बन जाने और भूस्खलन के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। उत्तर भारत से लेकर पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत तक कई राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने अगले 7 दिनों तक देश के अनेक हिस्सों में भारी बारिश, गरज और बिजली गिरने की चेतावनी दी है। किसानों, यात्रियों और स्थानीय लोगों के लिए यह सप्ताह बेहद चुनौतीपूर्ण साबित हो सकता है।

Delhi में झमाझम बारिश, सुहावना मौसम

राजधानी Delhi में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है। मंगलवार को तेज हवाओं और बारिश के बाद मौसम बेहद सुहावना रहा। आज यानी बुधवार को भी मौसम विभाग ने तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। तापमान में भी गिरावट देखी गई है—मंगलवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री था, जबकि बुधवार को यह 32 और 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। 17-18 जुलाई को हल्की बारिश के आसार हैं, वहीं 19-20 जुलाई को फिर से तेज बारिश हो सकती है।

हिमाचल में भूस्खलन और सड़कों पर बाढ़

हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। मंडी जिले में 160 सड़कों पर आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है। कई सड़कें बह गईं हैं और भूस्खलन के कारण कई मार्ग अवरुद्ध हैं। बारिश से करोड़ों का नुकसान हुआ है। मौसम विभाग ने आज फिर से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिससे हालात और खराब हो सकते हैं।

इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार, 16 से 21 जुलाई तक जम्मू-कश्मीर, पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और मध्य प्रदेश में भारी बारिश की संभावना है। पूर्वोत्तर भारत के असम, मेघालय, मिजोरम और त्रिपुरा में 19 से 21 जुलाई के बीच भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं ओडिशा, झारखंड, बिहार और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी गरज के साथ बारिश होगी।

दक्षिण भारत में भी आफत की बारिश

केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना जैसे दक्षिण भारतीय राज्यों में अगले कुछ दिनों तक तेज हवाओं और भारी बारिश की संभावना है। खासकर तटीय और आंतरिक क्षेत्रों में जलभराव और यातायात बाधित होने की आशंका जताई जा रही है। मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है।

देश के लगभग सभी हिस्सों में मानसून ने अपनी पकड़ मजबूत कर ली है, जिससे एक ओर गर्मी से राहत तो मिली है, लेकिन दूसरी ओर बाढ़, भूस्खलन और जनहानि का खतरा भी बढ़ गया है। आम जनता को सतर्क रहने और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की सख्त जरूरत है।

पंचायत में ‘दामाद जी’ बने आसिफ खान को आया हार्ट अटैक, जानिए कैसी है तबियत ? 

Exit mobile version