Monsoon Alert: सितंबर में किन राज्यों में होगी आफत की बारिश, आंधी-बिजली का भी अलर्ट, समुद्र से दूर रहें मछुआरे

IMD ने 3 /4 सितंबर को देश के कई हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। पूर्वी मध्य प्रदेश में मूसलाधार बारिश, जबकि कई राज्यों में आंधी, तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी है।

IMD Weather Alert 3 September

IMD Weather Alert :देशभर में मानसून की सक्रियता के बीच बारिश का दौर और तेज होने वाला है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने 3 सितंबर को कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में अत्यधिक भारी बारिश होने की आशंका है। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश, विदर्भ, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। लगातार बारिश से निचले इलाकों में जलभराव और नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने का खतरा है।

दिल्ली-यूपी भी प्रभावित

उत्तर भारत के कई हिस्सों में भी मौसम खराब रहने वाला है। हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश और पश्चिमी मध्य प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने के आसार हैं। पूर्वी भारत में बिहार और छत्तीसगढ़ के अलावा अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी तेज बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

तेज हवाओं का खतरा

बारिश के साथ कई राज्यों में आंधी और तेज हवाएं परेशानी बढ़ा सकती हैं। आंध्र प्रदेश में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने का अनुमान है। इस दौरान गरज-चमक और बिजली गिरने की भी संभावना है। तेलंगाना, आंतरिक कर्नाटक और जम्मू-कश्मीर-लद्दाख में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

बिजली गिरने का अलर्ट

IMD ने कई राज्यों में आकाशीय बिजली को लेकर भी विशेष सावधानी बरतने को कहा है। बिहार, छत्तीसगढ़, झारखंड, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। खराब मौसम में लोगों को खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

समुद्र में उठेंगी लहरें

समुद्री इलाकों में भी मौसम सामान्य नहीं रहेगा। अरब सागर में सोमालिया तट के पास और उससे जुड़े पश्चिम-मध्य तथा दक्षिण-पश्चिम हिस्सों में 45 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इनके झोंकों की गति 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। इससे समुद्री गतिविधियां प्रभावित हो सकती हैं।

मछुआरों को चेतावनी

बंगाल की खाड़ी में मन्नार की खाड़ी से लगे दक्षिण तमिलनाडु तट और दक्षिण श्रीलंका तट के आसपास भी तेज हवाएं चलने का अनुमान है। यहां 45 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और झोंकों की गति 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग ने खतरे को देखते हुए मछुआरों को इन समुद्री इलाकों में जाने से बचने की सलाह दी है।

Exit mobile version