आसमान से बरसेगी आग! लू और गर्म रातों ने बढ़ाई लोगों की परेशानी, IMD ने जारी किया अलर्ट

देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और लू ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। उत्तर और मध्य भारत में तापमान 45 डिग्री तक पहुंचने की आशंका है, जबकि कई राज्यों में आंधी-बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है।

Heatwave in India

India Heatwave Alert 2026:देशभर में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार को सूरज की तपिश ने आधे भारत को बुरी तरह झुलसा दिया। उत्तर भारत और मध्य भारत के कई राज्यों में लोग तेज धूप, बढ़ते तापमान और लू के थपेड़ों से परेशान नजर आए। मंगलवार को भी मौसम में राहत मिलने के आसार नहीं हैं। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने देश के कई हिस्सों के लिए भीषण गर्मी और लू को लेकर चेतावनी जारी की है।

उत्तर भारत में सबसे ज्यादा असर

मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में मंगलवार को तापमान 42 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इन राज्यों में दिन के समय तेज गर्म हवाएं चलने की संभावना है। आईएमडी ने अगले सात दिनों तक उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में लू चलने का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है।

रात में भी नहीं मिलेगी राहत

पश्चिमी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दिन के साथ-साथ रातें भी बेहद गर्म रहने वाली हैं। इसी को देखते हुए मौसम विभाग ने इन इलाकों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भी गर्मी का असर बना रहेगा। विदर्भ और मराठवाड़ा क्षेत्र में भी लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।

मध्य भारत में कड़ी चेतावनी

मध्य प्रदेश और विदर्भ में अगले दो दिनों तक भीषण लू की स्थिति बनने की आशंका जताई गई है। यहां तापमान सामान्य से काफी ऊपर जा सकता है। मौसम विभाग ने इन इलाकों के लिए भी ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। वहीं ओडिशा में अगले तीन से चार दिनों तक गर्म और उमस भरा मौसम बना रह सकता है।

दिल्ली-एनसीआर में बढ़ेगी तपिश

दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। अगले तीन दिनों में यह बढ़कर 45 डिग्री तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने यहां कुछ इलाकों में लू चलने की संभावना जताते हुए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है।

इन राज्यों में बारिश से राहत

दूसरी ओर, दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर के कुछ राज्यों में बारिश राहत लेकर आ सकती है। केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु में बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं केरल और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में आंधी और बारिश की संभावना है। इन क्षेत्रों में 40 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। जहां बारिश होगी, वहां तापमान में थोड़ी गिरावट दर्ज की जा सकती है।

Exit mobile version