Weather update: देश की राजधानी दिल्ली में इस समय गर्मी अपने चरम पर है। शनिवार इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आज के लिए हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट और कल के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। सफदरजंग में तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 5 डिग्री से ज्यादा है।
तीन दिनों से लू का असर
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर में पिछले तीन दिनों से लगातार लू चल रही है। रविवार तक इसका असर बना रहने की संभावना है। हालांकि 27 अप्रैल से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। आंधी, तूफान और तेज हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को थोड़ी राहत मिलेगी।
यूपी में भीषण गर्मी का प्रकोप
उत्तर प्रदेश में भी गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। शनिवार को बांदा में तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो प्रदेश में सबसे ज्यादा रहा। वहीं लखनऊ में भी पारा 42.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बांदा इस समय सबसे गर्म जिला बना हुआ है।
27 अप्रैल से बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, 27 अप्रैल से यूपी के मौसम में बदलाव आ सकता है। 28 अप्रैल को गाजियाबाद समेत कई जिलों में आंधी, तेज हवा और हल्की बारिश की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।
बिहार में बारिश का अलर्ट
बिहार में भी गर्मी से लोग परेशान हैं। बक्सर, रोहतास और अरवल जैसे जिलों में तेज गर्मी पड़ रही है। मौसम विभाग ने सीतामढ़ी, मधेपुरा और बांका सहित 21 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। इससे लोगों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
एमपी और राजस्थान में लू का असर
मध्य प्रदेश और राजस्थान में भी गर्म हवाएं चल रही हैं। यहां 26 से 29 अप्रैल के बीच लू का असर बना रहेगा। हालांकि इस दौरान तेज हवाएं चलने और कुछ जगहों पर हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।
पहाड़ी इलाकों में राहत भरा मौसम
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में मौसम अपेक्षाकृत ठंडा बना हुआ है। यहां 26 से 30 अप्रैल के बीच हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है।
दक्षिण भारत में भी बदलेगा मौसम
दक्षिण भारत के तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और तेलंगाना में भी मौसम में बदलाव के संकेत हैं। इन राज्यों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है।
