Site icon News1India

Weather update: लखनऊ में बदला मौसम का मिजाज,गरज चमक के साथ झमाझम बारिश ,जनजीवन प्रभावित

Weather Alert

Lucknow weather update:यूपी की राजधानी लखनऊ और पूरे अवध क्षेत्र में मंगलवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली। सुबह से ही आसमान में काले घने बादल छा गए और कुछ ही देर में बूंदाबांदी शुरू हो गई। धीरे-धीरे बारिश तेज होती चली गई, जिससे शहर के कई इलाकों में झमाझम बारिश देखने को मिली।
कैसरबाग, शास्त्रीनगर, गोमती नगर, इंदिरा नगर, कुंदरकी, रकाबगंज सहित शहर के अन्य हिस्सों में अच्छी खासी बारिश दर्ज की गई। बारिश के साथ चली ठंडी हवाओं ने मौसम को सुहावना बना दिया और उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली।

गरज-चमक के साथ बारिश, जनजीवन प्रभावित

सुबह करीब 9 बजे के आसपास बादलों की गतिविधि अचानक तेज हो गई और आसमान में अंधेरा छा गया। गरज-चमक के साथ शुरू हुई बारिश ने शहर की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र, दफ्तरों के लिए निकले कर्मचारी और रोजमर्रा के कामों में लगे लोग बारिश में भीगते नजर आए।
बारिश के कारण सड़कों पर वाहनों की गति धीमी हो गई। कई इलाकों में जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।

पश्चिमी विक्षोभ का असर, मौसम विभाग की जानकारी

मौसम विभाग के अनुसार यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हुआ है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि यह छिटपुट बारिश मंगलवार तक ही सीमित रहेगी। बुधवार से मौसम धीरे-धीरे साफ होने लगेगा।
उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को उमस से राहत मिलेगी और मौसम कुछ समय के लिए ठंडा बना रहेगा।

बुंदेलखंड में ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट 

मौसम विभाग ने बुंदेलखंड क्षेत्र के कई जिलों में ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इनमें इटावा, औरेया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर शामिल हैं। इन जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है।

23 जिलों में घना कोहरा छाने की चेतावनी

इसके अलावा प्रदेश के 23 जिलों में घना से बहुत घना कोहरा छाने की चेतावनी जारी की गई है। यह स्थिति 4 फरवरी तक बनी रह सकती है। इसके बाद कोहरा छंटेगा और मौसम में स्थिरता आने की संभावना है।

Exit mobile version