उत्तर भारत में भीषण गर्मी का कहर, कई राज्यों में पारा 47 डिग्री के पार, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

दिल्ली, यूपी, राजस्थान समेत पूरा उत्तर भारत भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। कई राज्यों में तापमान 47 डिग्री तक पहुंच गया है। मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक हीटवेव का अलर्ट जारी किया है।

North India Heatwave Alert

India Heatwave Alert:उत्तर भारत इन दिनों भीषण गर्मी की मार झेल रहा है। सुबह होते ही तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को परेशान करने लगती हैं। राजधानी दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, हरियाणा और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में तापमान लगातार 45 से 47 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। हालात इतने खराब हैं कि सुबह 6 बजे से ही सूरज आग उगलता नजर आ रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ सकती है। कई इलाकों में अगले एक सप्ताह तक लू चलने की संभावना जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दिन के समय घरों से बाहर निकलना लोगों के स्वास्थ्य के लिए खतरनाक साबित हो सकता है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को डिहाइड्रेशन, चक्कर आना, सिरदर्द और आंखों में जलन जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

दिल्ली-यूपी में सबसे ज्यादा असर

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार जाने की
आशंका जताई गई है। वहीं उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी गर्मी का प्रकोप जारी है। राजस्थान और हरियाणा में भी हालात गंभीर बने हुए हैं। दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आ रही हैं और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं।

पहाड़ों पर बदलेगा मौसम

एक तरफ मैदानी इलाकों में गर्मी लोगों को बेहाल कर रही है, तो वहीं पहाड़ी राज्यों में मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के मनाली, कुल्लू और आसपास के इलाकों में बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक की संभावना जताई है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है।

मौसम विभाग की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर 11 बजे से 3 बजे तक घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। अधिक से अधिक पानी और तरल पदार्थ पीने, हल्के सूती कपड़े पहनने और धूप में निकलते समय सिर ढककर रखने को कहा गया है। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Exit mobile version