UP August Rainfall Record:उत्तर प्रदेश में अगस्त माह के दौरान हुई बारिश ने कई पुराने रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए हैं। अमौसी स्थित मौसम विभाग के यूपी-उत्तराखंड मुख्यालय के अनुसार, अगस्त में प्रदेश में कुल 291.3 मिमी बारिश दर्ज की गई। जबकि अगस्त की दीर्घकालिक औसत बारिश 235.5 मिमी है। इस लिहाज से प्रदेश में सामान्य से 24 प्रतिशत अधिक वर्षा हुई।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, यह 21वीं सदी में अगस्त की दूसरी सर्वाधिक बारिश है। इससे पहले वर्ष 2018 में अगस्त के दौरान 293.1 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। इस तरह 2018 के बाद इस साल अगस्त में सबसे ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई है।
प्रयागराज और बांदा में टूटा 125 साल का रिकॉर्ड
अगस्त की बारिश ने प्रयागराज और बांदा में भी नया इतिहास बनाया। मौसम विभाग के अनुसार, प्रयागराज में अगस्त के दौरान 631.6 मिमी और बांदा में 646 मिमी बारिश दर्ज की गई। वर्ष 1901 से शुरू हुए मौसम विभाग के प्रेक्षण रिकॉर्ड के बाद दोनों जिलों में अगस्त महीने की यह अब तक की सबसे अधिक बारिश है।
पूरे मानसून सीजन में सामान्य से 5% कम बारिश
एक जून से एक सितंबर तक के मानसूनी सीजन की बात करें तो उत्तर प्रदेश में अब तक 571.6 मिमी बारिश हुई है। यह सामान्य 600.2 मिमी के मुकाबले करीब 5 प्रतिशत कम है। हालांकि, पश्चिमी यूपी में स्थिति बेहतर रही और यहां सामान्य से 3 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज हुई। वहीं पूर्वी यूपी में सामान्य से 10 प्रतिशत कम बारिश हुई।
इन जिलों में हुई अत्यधिक बारिश
प्रदेश के चित्रकूट, महोबा, मेरठ, मुजफ्फरनगर और संभल में सामान्य से 60 प्रतिशत या उससे अधिक बारिश दर्ज की गई। वहीं बांदा, कन्नौज, कानपुर नगर, प्रतापगढ़, प्रयागराज, बिजनौर, एटा, फिरोजाबाद और हमीरपुर में सामान्य से 20 से 59 प्रतिशत अधिक वर्षा हुई।
20 जिलों में सामान्य से कम बारिश
अमेठी, बस्ती, गाजीपुर, जौनपुर, मथुरा, सहारनपुर और सीतापुर समेत करीब 20 जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज हुई। वहीं भदोही, देवरिया, कानपुर देहात, कुशीनगर, गाजियाबाद और शामली में 60 से 99 प्रतिशत तक कम बारिश दर्ज की गई।
सितंबर में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रशांत महासागर में बने अल-नीनो के प्रभाव से सितंबर में पश्चिमी यूपी में सामान्य से कम बारिश होने के आसार हैं। दूसरी ओर हिंद महासागर के द्विध्रुव (IOD) के धनात्मक रहने से दक्षिण-पूर्वी यूपी में सामान्य से अधिक बारिश हो सकती है।
