भीषण गर्मी की चपेट में यूपी: लखनऊ से नोएडा तक तेज धूप ने बढ़ाई मुश्किलें,IMD ने जताया 45°C तक पहुंचने का अनुमान

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर शुरू हो गया है। कई जिलों में तापमान 40 डिग्री पार कर चुका है और आने वाले 6 दिनों में पारा 44-45 डिग्री तक पहुंचने की चेतावनी जारी की गई है।

UP weather heatwave alert 2026

UP Heatwave Alert 2026:उत्तर प्रदेश में गर्मी ने अब अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। अप्रैल के मध्य तक पहुंचते-पहुंचते मौसम पूरी तरह शुष्क हो गया है और दिन चढ़ने के साथ ही तेज धूप लोगों को झुलसा रही है। सुबह से आसमान साफ रहने के कारण सूरज की किरणें सीधे धरती पर पड़ रही हैं, जिससे तापमान तेजी से बढ़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि दोपहर के समय लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है।

6 दिनों में 45 डिग्री तक पहुंचेगा तापमान

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 6 दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके चलते कई जिलों में तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। वहीं न्यूनतम तापमान में भी 2 से 4 डिग्री की वृद्धि दर्ज की जा सकती है, जिससे रात में भी गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है।

लखनऊ से नोएडा तक तेज धूप का असर

राजधानी लखनऊ में भी सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं का असर देखने को मिल रहा है। यहां अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। वहीं नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, आगरा, मथुरा, अलीगढ़ और फिरोजाबाद जैसे शहरों में भी तापमान तेजी से बढ़ रहा है। इन इलाकों में 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चल रही हैं, जिससे लोगों को खासा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

इन जिलों में 40 डिग्री के पार पारा

बीते 24 घंटों में बांदा प्रदेश का सबसे गर्म जिला दर्ज किया गया, जहां तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया। इसके अलावा वाराणसी, प्रयागराज, उरई और हमीरपुर में भी पारा 40 डिग्री के पार रहा। अयोध्या, झांसी और चित्रकूट जैसे जिलों में भी तापमान 40 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया है।

फिलहाल राहत के आसार नहीं

मौसम विभाग ने साफ किया है कि फिलहाल प्रदेश में बारिश या बादल छाने की कोई संभावना नहीं है। पूरे राज्य में मौसम शुष्क बना रहेगा और सभी जिले ग्रीन जोन में हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में गर्मी और अधिक बढ़ने की संभावना है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।

Exit mobile version