Weather Update:यूपी में भारी बारिश का कहर, कई जिलों में रेड अलर्ट; मकान ढहे, जनजीवन प्रभावित

उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित है। कई जिलों में मकान ढहने, जलभराव और हादसों की घटनाएं सामने आई हैं। मौसम विभाग ने कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है।

UP Heavy Rain Red Alert

UP Heavy Rain Red Alert: उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। पिछले दो दिनों से राज्य के अधिकांश हिस्सों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। कई जिलों में जलभराव, मकान गिरने और सड़कें डूबने जैसी घटनाएं सामने आई हैं। मौसम विभाग ने आगामी 48 घंटों तक प्रदेश के अधिकांश जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही लोगों को बिजली गिरने और आंधी-तूफान से सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

शाहजहांपुर और मुजफ्फरनगर में बड़ा नुकसान

शाहजहांपुर के खुटार क्षेत्र स्थित टाह खुर्द कलां गांव में लगातार बारिश के कारण तीन मकान ढह गए। इस हादसे में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं मुजफ्फरनगर में भारी बारिश के चलते एक कच्चा मकान गिर गया। इस दर्दनाक हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

पीलीभीत में जलभराव, स्कूलों में छुट्टी

पीलीभीत में तेज बारिश के कारण शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में कई स्थानों पर जलभराव हो गया। हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने 21 जुलाई को स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया, ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। कई सड़कों पर पानी भरने से यातायात भी प्रभावित रहा।

इन जिलों में हुई सबसे ज्यादा बारिश

मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटों में बहेड़ी (बरेली) में 174 मिमी, मुहम्मदी (लखीमपुर खीरी) में 160 मिमी, बिलासपुर (रामपुर) में 152.4 मिमी, पवायां (शाहजहांपुर) में 150.3 मिमी, महसी (बहराइच) में 127 मिमी, भिनगा (श्रावस्ती) में 122 मिमी और हसनगंज (उन्नाव) में 119 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा चंदौली, बलिया, कैसरगंज, सकलडीहा, तुलसीपुर और सिरौली गौसपुर में भी अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई।

12 जिलों में रेड अलर्ट, कई जगह ऑरेंज अलर्ट

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, कासगंज, एटा, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं सहित आसपास के क्षेत्रों में अत्यधिक वर्षा को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं बांदा, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा और झांसी समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट लागू किया गया है।

मेघगर्जन और वज्रपात की चेतावनी

आईएमडी ने चित्रकूट, प्रयागराज, कौशांबी, फतेहपुर, प्रतापगढ़, लखनऊ, कानपुर नगर, उन्नाव, बाराबंकी, रायबरेली, अयोध्या, गाजियाबाद, मेरठ, नोएडा, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर और अन्य कई जिलों में बारिश के साथ मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना जताई है। लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की गई है।

अगले 48 घंटे रहेंगे अहम

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश जारी रहने की संभावना है। लगातार बादल छाए रहने से तापमान सामान्य से कम रहेगा और उमस से राहत मिलेगी। प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने तथा मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Exit mobile version