UP Weather Alert Rain Storm:सोमवार सुबह लखनऊ में मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह करीब नौ बजे ही आसमान काले बादलों से ढक गया, जिससे दिन में ही अंधेरा जैसा माहौल बन गया। हालात ऐसे हो गए कि सड़कों पर चल रहे वाहनों को लाइट जलानी पड़ी। तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू होने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली।
पांच दिन तक बारिश और आंधी का अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेशभर के लिए अगले पांच दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश, तेज आंधी और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अभिभावकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान बच्चों को घर के अंदर ही रखें।
एयरपोर्ट पर उड़ानों पर असर
खराब मौसम का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट आने वाली तीन फ्लाइट्स—दिल्ली से 6ई 6476, हैदराबाद से 6ई 179 और चंडीगढ़ से 6ई 146 आसमान में ही चक्कर लगाती रहीं। यदि ईंधन कम होता है, तो इन्हें दूसरे एयरपोर्ट पर डायवर्ट किया जा सकता है।
सीतापुर में तापमान में गिरावट
सीतापुर में ठंडी हवाओं और बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे लोगों को राहत मिली और मौसम सुहावना हो गया।
किसानों को मिली राहत
बारिश का सबसे ज्यादा फायदा किसानों को हुआ है। लंबे समय से तेज धूप के कारण सूखने की कगार पर पहुंच चुकी गन्ने की फसल को इस बारिश से नई जान मिली है। खेतों में नमी बढ़ने से किसान खुश नजर आए।
बिजली कटौती से परेशानी
अचानक मौसम बदलने के कारण कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक बिजली गुल रहने से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई।
मुरादाबाद और बरेली में भी बारिश
मुरादाबाद में देर रात शुरू हुई बारिश सुबह तक जारी रही, जिससे तापमान गिरकर 21 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं बरेली में भी सुबह चार बजे से तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश हुई, जिससे पूरे इलाके का मौसम सुहाना हो गया।
यूपी में अचानक बदले मौसम ने जहां गर्मी से राहत दी है, वहीं प्रशासन और लोगों के लिए सतर्क रहने की जरूरत भी बढ़ा दी है। अगले कुछ दिन मौसम ऐसा ही बना रहने की संभावना है।
