UP Weather: 23 अगस्त तक जारी रहेगा बारिश का दौर, 55 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में मानसून सक्रिय होने से लखनऊ समेत कई जिलों में भारी बारिश हुई। मंगलवार को 55 जिलों में बारिश का अलर्ट है। 23 अगस्त तक रुक-रुककर बारिश जारी रहने के आसार हैं।

UP Weather Update

UP Weather Update:उत्तर प्रदेश में पिछले चार दिनों से मानसून पूरी तरह सक्रिय है। रविवार के बाद सोमवार को भी राजधानी लखनऊ समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकतर जिलों में झमाझम बारिश हुई। लगातार बारिश से मौसम सुहावना हो गया है और कई इलाकों में दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने मंगलवार को लखनऊ समेत प्रदेश के करीब 55 जिलों में मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात की भी आशंका जताई गई है।

सोनभद्र, बरेली और प्रयागराज में जमकर बरसे बादल

सोमवार को प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई। सोनभद्र में 47.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं बरेली में 141 मिमी और प्रयागराज में 126 मिमी से अधिक बारिश हुई। इसके अलावा रायबरेली में 88.4 मिमी, लखीमपुर खीरी में 84 मिमी, शाहजहांपुर में 80.2 मिमी और अयोध्या में 75 मिमी बारिश दर्ज की गई।

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक पश्चिम बंगाल में बने नए कम दबाव क्षेत्र के प्रभाव से मानसून की सक्रियता बढ़ी है। इसके चलते प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर तेज हुआ है। मंगलवार को करीब 55 जिलों में गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है।

लखनऊ में 27.3 डिग्री पहुंचा अधिकतम तापमान

राजधानी लखनऊ में सोमवार सुबह अच्छी बारिश हुई और दिनभर आसमान में बादल छाए रहे। बारिश के कारण अधिकतम तापमान 27.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.6 डिग्री सेल्सियस कम रहा। न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के करीब 40 जिलों में दिन का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना रहा।

23 अगस्त तक रुक-रुककर बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार के बाद बुधवार को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादल जमकर बरस सकते हैं। बारिश का यह सिलसिला रुक-रुककर 23 अगस्त तक जारी रहने का पूर्वानुमान है। इस दौरान कई जिलों में बिजली चमकने और वज्रपात की संभावना को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

पूर्वी यूपी में बारिश की कमी बरकरार

मानसून सक्रिय होने के बावजूद प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश की कमी बनी हुई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 1 से 17 अगस्त तक पूर्वी उत्तर प्रदेश में सामान्य से 27 प्रतिशत कम बारिश हुई है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी अब तक सामान्य से आठ प्रतिशत कम वर्षा रिकॉर्ड की गई है। पूरे प्रदेश की बात करें तो इस अवधि में सामान्य से करीब 20 प्रतिशत कम बारिश हुई है।

हालांकि आने वाले दिनों में बारिश का दौर जारी रहने से पूर्वी उत्तर प्रदेश समेत अन्य इलाकों में बारिश की कमी कुछ हद तक दूर होने की उम्मीद है। लगातार बारिश के कारण तापमान में गिरावट के साथ लोगों को गर्मी और उमस से भी राहत मिलने की संभावना है।

Exit mobile version