UP Weather Today:उत्तर प्रदेश में मानसून की सक्रियता लगातार बनी हुई है। गुरुवार को सुबह हल्की धूप निकलने के बाद दोपहर में कई इलाकों में बारिश और फुहारें पड़ीं। शाम होते-होते बारिश का सिलसिला तेज हो गया और देर रात तक कई क्षेत्रों में झमाझम बारिश होती रही। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक मौसम बदला हुआ रह सकता है। 4 से 6 सितंबर के बीच कई स्थानों पर भारी बारिश के आसार जताए गए हैं।
तीन दिन तक छाए रहेंगे बादल
मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक प्रदेश के कई हिस्सों में आसमान में बादल छाए रहेंगे। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक भी हो सकती है। बारिश के कारण तापमान में गिरावट आने की संभावना है। मौसम में बदलाव से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है।
पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान करीब 30.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26.4 डिग्री दर्ज किया गया। इस दौरान 23.8 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई। शाम के समय आर्द्रता 92 प्रतिशत और सुबह 95 प्रतिशत रही।
रात में तेज बारिश से कई इलाकों में जलभराव
गुरुवार को सुबह बारिश के बाद दिनभर बादल छाए रहे और कई इलाकों में फुहार व बूंदाबांदी होती रही। रात करीब आठ बजे के बाद बारिश ने जोर पकड़ लिया। तेज बारिश के कारण शहर की कई सड़कों, सर्विस रोड और कॉलोनियों में जलभराव की स्थिति बन गई।
बारिश के दौरान स्कूल आने-जाने वाले बच्चों और अभिभावकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, लगातार बारिश से तापमान में कमी आने के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली।
कानपुर में तीन दिन में 150 मिमी से ज्यादा बारिश
कानपुर में मानसून की ट्रफ लाइन गुजरने और कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से बारिश का दौर लगातार बना हुआ है। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय (सीएसए) के मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार एक सितंबर को 68 मिमी, दो सितंबर को 39 मिमी और तीन सितंबर को सुबह 8:30 बजे तक 42 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
शाम तक पांच मिमी से अधिक बारिश होने का अनुमान लगाया गया। इस तरह सितंबर के शुरुआती तीन दिनों में ही कानपुर में 150 मिमी से अधिक बारिश दर्ज हो चुकी है।
सितंबर की बारिश पुराने आंकड़ों के करीब
लगातार हो रही बारिश से इस बार सितंबर में बारिश का रिकॉर्ड बनने की संभावना जताई जा रही है। वर्ष 2025 में पूरे सितंबर महीने में केवल 175.3 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई थी। ऐसे में इस साल शुरुआती तीन दिनों में ही 150 मिमी से अधिक बारिश होना महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
गुरुवार को बारिश के चलते कानपुर का अधिकतम तापमान गिरकर 28.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। यह सामान्य से 3.8 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 24.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पश्चिमी विक्षोभ और कम दबाव का असर
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र कमजोर पड़ चुका है, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ से बने सिस्टम के साथ इसके प्रभाव के कारण उत्तर प्रदेश में बारिश का दौर बना हुआ है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ और पूर्वी जिलों में बंगाल की खाड़ी से जुड़े सिस्टम का असर बारिश की वजह बन रहा है।
सीएसए के मौसम कृषि तकनीकी अधिकारी अजय मिश्रा के अनुसार फिलहाल बादल छाए रहने की संभावना है। प्रदेश में हल्की से मध्यम और छितरी बारिश का दौर जारी रह सकता है। हालांकि, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार कुछ जिलों में लगातार हो रही बारिश पर धीरे-धीरे विराम लगने की संभावना भी है।
