Site icon News1India

Weather Update : यूपी में आज कैसा रहेगा मौसम? सुबह कोहरा, दिन में खिलेगी धूप, अगले 7 दिनों के लिए IMD का बड़ा अपडेट

UP Weather Update

UP Weather:उत्तर प्रदेश में नवंबर की शुरुआत के साथ ही मौसम का मिजाज बदलने लगा है। मानसून की विदाई के बाद प्रदेश के ज्यादातर जिलों में बारिश का दौर पूरी तरह थम गया है। अब सुबह और शाम हल्की ठंड महसूस होने लगी है। कई इलाकों में सुबह के समय हल्का कोहरा भी दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग (IMD) ने 4 नवंबर को लेकर नया अपडेट जारी किया है। इसके मुताबिक, आज प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम साफ और शुष्क रहेगा। कहीं भी बारिश होने की संभावना नहीं है।

दिन में धूप निकलने से लोगों को ठंड से राहत मिलेगी, लेकिन सुबह और शाम के समय हल्की सर्दी का एहसास बना रहेगा। मौसम विभाग का कहना है कि अगले सात दिनों तक प्रदेश के तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की उम्मीद नहीं है।

अगले सात दिन कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लेकर पूर्वांचल तक मौसम सामान्य बना रहेगा। बारिश का कोई नया दौर शुरू होने के आसार नहीं हैं। 5 नवंबर से 9 नवंबर तक भी प्रदेश के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

इस दौरान आसमान ज्यादातर साफ रहेगा और दिन में धूप निकलेगी। हालांकि, रात और सुबह के समय ठंड धीरे-धीरे बढ़ सकती है। मौसम विभाग के चेतावनी वाले नक्शे में प्रदेश के सभी जिलों को ग्रीन जोन में रखा गया है। इसका मतलब है कि फिलहाल किसी जिले के लिए मौसम से जुड़ी कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।

तापमान की बात करें तो अगले सात दिनों में दिन के अधिकतम तापमान में खास बदलाव नहीं होगा। वहीं, अगले दो दिनों के दौरान रात के न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इससे सुबह और रात में ठंड का असर थोड़ा और बढ़ेगा।

लखनऊ में आज खिलेगी धूप

राजधानी लखनऊ में भी 4 नवंबर को मौसम साफ रहने का अनुमान है। सुबह हल्की ठंड के बाद दिन में अच्छी धूप निकलेगी। मौसम साफ होने की वजह से पिछले तीन दिनों के मुकाबले लखनऊ के अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हुई है। आज यहां अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

वहीं, नोएडा और गाजियाबाद में भी बारिश के आसार नहीं हैं। इन दोनों शहरों में मौसम शुष्क रहेगा। हालांकि, ठंड बढ़ने के साथ हवा में प्रदूषण का स्तर भी चिंता बढ़ा रहा है। ऐसे में सुबह और शाम बाहर निकलने वाले लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।

मुजफ्फरनगर रहा सबसे ठंडा

पिछले 24 घंटों के तापमान पर नजर डालें तो मुजफ्फरनगर प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा। यहां न्यूनतम तापमान 15.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा हरदोई, उरई, मेरठ और बरेली में भी ठंड का असर देखने को मिला।

दूसरी तरफ, झांसी प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा। यहां अधिकतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रयागराज, वाराणसी, बहराइच और आगरा में भी दिन का तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा।

कुल मिलाकर प्रदेश में अब धीरे-धीरे गुलाबी ठंड का दौर शुरू हो रहा है। आने वाले दिनों में सुबह और रात में ठंड बढ़ सकती है, जबकि दिन में धूप के कारण मौसम सामान्य बना रहेगा।

Exit mobile version