Uttar Pradesh Weather Update:जिले में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ने लगा है। न्यूनतम तापमान गिरकर 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि अधिकतम तापमान 26 डिग्री के आसपास बना हुआ है। दिन में हल्की धूप से राहत मिल रही है, लेकिन सुबह और शाम ठिठुरन महसूस होने लगी है।
मौसम के मौजूदा रुख को देखते हुए दिसंबर के पहले सप्ताह तक तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। ऐसे में लोगों को आने वाले दिनों में अधिक ठंड का सामना करना पड़ सकता है।
कोहरा और प्रदूषण बढ़ा रहे मुश्किलें
ठंड के साथ प्रदूषण की समस्या भी गंभीर होती जा रही है। हवा की रफ्तार कम होने और वातावरण में नमी का स्तर करीब 81 प्रतिशत तक पहुंचने से धूल और धुएं के कण हवा में बने हुए हैं। इससे वायु गुणवत्ता प्रभावित हो रही है।
सुबह और देर रात धुंध व कोहरे के कारण सड़कों पर दृश्यता कम हो रही है। कुछ स्थानों पर दृश्यता 50 मीटर तक सिमटने की आशंका है। ऐसे में वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
बच्चों और बुजुर्गों को ज्यादा खतरा
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. संजीव कुमार के अनुसार, बदलते मौसम और प्रदूषण का सबसे ज्यादा असर बच्चों और बुजुर्गों पर पड़ सकता है। बच्चों में सर्दी, खांसी, गले में खराश और एलर्जी की शिकायत बढ़ सकती है। वहीं, बुजुर्गों को जोड़ों के दर्द, सांस लेने में परेशानी और रक्तचाप संबंधी दिक्कतें हो सकती हैं। बच्चों को स्कूल भेजते समय गर्म कपड़े पहनाना जरूरी है।
दिल और सांस के मरीज रहें सतर्क
हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. अथर कमाल बताते हैं कि ठंड और प्रदूषण का मेल दिल और सांस के मरीजों के लिए परेशानी बढ़ा सकता है। अस्थमा और सीओपीडी के मरीज धूल-धुएं से दूर रहें। प्रदूषण अधिक होने पर बाहर निकलने से बचें। जरूरी होने पर अच्छी फिटिंग वाला एन95 मास्क पहनें। दिल के मरीज अचानक ठंड में निकलने और अधिक मेहनत करने से बचें।
खानपान और दिनचर्या का रखें ध्यान
फिजिशियन डॉ. विपिन गुप्ता के अनुसार, इस मौसम में शरीर को गर्म रखना और पर्याप्त नींद लेना जरूरी है। सुबह-शाम गर्म कपड़े पहनें और सर्दी-खांसी को लंबे समय तक नजरअंदाज न करें। पहले से बीमार लोग नियमित दवाएं समय पर लेते रहें।
आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ. राजेश कुमार के मुताबिक, भोजन में हरी सब्जियां, मौसमी फल, दाल, दलिया और सूप शामिल करना चाहिए। गुनगुना पानी पीते रहें। अदरक, तुलसी और हल्दी का संतुलित मात्रा में सेवन कर सकते हैं। बच्चों को जंक फूड और अत्यधिक ठंडी चीजों से बचाना चाहिए।

