UP Weather Update:यूपी में मानसून की दस्तक का इंतजार खत्म! मौसम विभाग ने बताई तारीख, कई जिलों में होगी झमाझम बारिश

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और छिटपुट बारिश का दौर जारी है। कई जिलों में लू का अलर्ट है, जबकि पूर्वांचल में बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग ने अगले 2-3 दिनों में मानसून प्रवेश का अनुमान जताया है।

India Weather Update Monsoon Alert

UP Weather Update:उत्तर प्रदेश में इन दिनों मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है। प्रदेश के एक हिस्से में जहां भीषण गर्मी और लू लोगों को परेशान कर रही है, वहीं दूसरी ओर कुछ जिलों में बारिश और तेज हवाओं से राहत मिल रही है। बुधवार शाम नोएडा, गाजियाबाद समेत पूर्वांचल के कई जिलों में गरज-चमक के साथ हुई बारिश ने लोगों को गर्मी से कुछ राहत दी।
मौसम विभाग के अनुसार 25 जून को भी प्रदेश में मिलाजुला मौसम बना रहेगा। राजधानी लखनऊ सहित कई जिलों में हीट वेव यानी लू का असर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने लखनऊ, बाराबंकी, सीतापुर, हरदोई, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती और गोंडा समेत आसपास के क्षेत्रों के लिए लू का अलर्ट जारी किया है।

वाराणसी-प्रयागराज सहित 25 जिलों में बारिश की संभावना

मौसम विभाग का कहना है कि वाराणसी और प्रयागराज में सुबह के समय तेज धूप और उमस भरी गर्मी रहेगी। हालांकि दोपहर बाद मौसम बदल सकता है और तेज हवाओं के साथ गरज-चमक एवं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
इसके अलावा बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, बस्ती, संत कबीर नगर, गोरखपुर, अंबेडकर नगर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, जौनपुर, गाजीपुर, वाराणसी, चंदौली, मिर्जापुर, सोनभद्र, कौशांबी, चित्रकूट, बांदा, महोबा, झांसी और ललितपुर सहित करीब 25 जिलों में कहीं-कहीं बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है।

मानसून की एंट्री को लेकर बड़ा अपडेट

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से उत्तर भारत की ओर बढ़ रहा है। यदि परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो अगले दो से तीन दिनों के भीतर मानसून उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर सकता है। 27 जून तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है, जबकि 28 और 29 जून से बादलों की आवाजाही बढ़ेगी।
मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि 30 जून तक पूर्वांचल के अधिकांश जिलों में अच्छी बारिश शुरू हो सकती है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलेगी।

बांदा सबसे गर्म जिला, तापमान 43.8 डिग्री पहुंचा

प्रदेश में बांदा लगातार सबसे गर्म जिला बना हुआ है। बीते 24 घंटों में यहां अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा प्रयागराज, फतेहपुर और वाराणसी भी प्रदेश के सबसे गर्म जिलों में शामिल रहे, जहां तापमान 42 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग का अनुमान है कि मानसून के सक्रिय होने के बाद अगले 3 से 4 दिनों में तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिससे प्रदेशवासियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

Exit mobile version