Site icon News1India

Weather Update: कई राज्यों में बारिश का कहर, बिहार की पांच नदियां खतरे के निशान से ऊपर

Weather Alert

Weather Alert:देश के कई राज्यों में मानसून की बारिश अब भी परेशानी बढ़ा रही है। उत्तराखंड में भूस्खलन के कारण केदारनाथ पैदल यात्रा लगातार तीसरे दिन बंद रही। वहीं बिहार में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। कोसी, बागमती, गंडक, कमला बलान और लालबकैया नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, राजस्थान समेत कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।

उत्तराखंड में चीरबासा के पास पहाड़ी से लगातार पत्थर और मलबा गिरने के कारण केदारनाथ पैदल मार्ग पर आवाजाही रोक दी गई है। खराब मौसम और भूस्खलन को देखते हुए प्रशासन यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दे रहा है। करीब 7 हजार यात्रियों को सुरक्षित निकालकर गौरीकुंड की ओर भेजा गया है, जबकि करीब 500 यात्री अभी भी फंसे बताए जा रहे हैं। मंगलवार से केदारनाथ के लिए हेली सेवा शुरू होने की जानकारी भी सामने आई है।

बिहार में पांच नदियां उफान पर

बिहार में बारिश और नदियों के बढ़े जलस्तर ने कई जिलों में बाढ़ का खतरा बढ़ा दिया है। कोसी, बागमती, गंडक, कमला बलान और लालबकैया नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। उत्तर बिहार के 15 जिलों में 49.67 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित बताए गए हैं। निचले इलाकों में पानी भरने के साथ तटबंधों पर भी दबाव बढ़ा है।

22 जिलों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने बिहार के 22 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी है। देशभर में 15 सितंबर को 22 राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट बताया गया है। ऐसे में नदियों और जलभराव वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

राजस्थान समेत पांच राज्यों में चेतावनी

राजस्थान में 17 सितंबर तक कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। उत्तर प्रदेश के अलावा हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश में भी बारिश का अलर्ट है। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश से भूस्खलन का खतरा बना हुआ है, जबकि मैदानी इलाकों में जलभराव और बाढ़ की स्थिति परेशानी बढ़ा सकती है।

Exit mobile version