Modi Cabinet Reshuffle 2026:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार में जल्द मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल हो सकता है। सूत्रों के मुताबिक यह बदलाव संसद के मानसून सत्र शुरू होने से पहले किया जा सकता है। साथ ही, बीजेपी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की नई संगठनात्मक टीम का भी ऐलान होने की संभावना है।
इन नेताओं को मिल सकता है मौका
सूत्रों के अनुसार, पूर्व आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास, सांसद अनुराग ठाकुर, जेडीयू ek कोटे से नीतीश कुमार, टीएमसी के बागी सांसद सुखेंदु शेखर राय, राज्यसभा सांसद तरुण चुघ, श्रीकांत शिंदे और आम आदमी पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए कुछ नेताओं को मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है। हालांकि अभी तक सरकार की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
कई मंत्रियों के विभाग बदलने की चर्चा
सूत्रों का कहना है कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को शिक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी दी जा सकती है। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को संगठन में भेजे जाने की चर्चा है। हरदीप सिंह पुरी, नितिन गडकरी, मनोहर लाल खट्टर और अश्विनी वैष्णव के विभागों में भी बदलाव की अटकलें लगाई जा रही हैं। वहीं रवनीत सिंह बिट्टू को पंजाब चुनाव की तैयारी में लगाया जा सकता है और जॉर्ज कुरियन के इस्तीफे की भी चर्चा है।
युवा नेताओं को मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी
सूत्रों के मुताबिक बीजेपी की नई टीम में युवा चेहरों को अहम जिम्मेदारियां दी जा सकती हैं। पार्टी नेतृत्व संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल बनाने की तैयारी में है। कुछ मौजूदा केंद्रीय मंत्रियों को संगठन में भेजा जा सकता है, जबकि पार्टी पदाधिकारियों को सरकार में शामिल किए जाने की संभावना भी जताई जा रही है।
चुनावी राज्यों पर रहेगा खास ध्यान
बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब से ज्यादा प्रतिनिधित्व देने पर विचार किया जा रहा है, क्योंकि अगले साल इन राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं। पश्चिम बंगाल में बीजेपी के बेहतर प्रदर्शन के बाद वहां के कुछ सांसदों को भी मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की चर्चा है।
प्रधानमंत्री के विदेश दौरे के बीच तय होगा समय
सूत्रों के अनुसार, फेरबदल का समय प्रधानमंत्री मोदी के व्यस्त कार्यक्रम को ध्यान में रखकर तय किया जाएगा। उनके विदेश दौरों और संसद के मानसून सत्र से पहले इस प्रक्रिया को पूरा करने की कोशिश हो सकती है।
अभी सिर्फ अटकलें, आधिकारिक घोषणा बाकी
कैबिनेट फेरबदल को लेकर चर्चाएं लगातार तेज हैं, लेकिन सरकार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। सूत्रों का कहना है कि प्रधानमंत्री मोदी बड़े फैसलों को आखिरी समय तक गोपनीय रखते हैं। इसलिए अंतिम तस्वीर आधिकारिक घोषणा के बाद ही साफ होगी।
