Political news: 26 नवंबर को सपा के चुनावी घोषणापत्र जारी करने के सवाल पर भी उपमुख्यमंत्री ने तंज कसा। उन्होंने सलाह दी कि नया घोषणापत्र लाने से पहले सपा नेतृत्व को 2012 से 2017 के अपने कार्यकाल के घोषणापत्र पर नजर डालनी चाहिए और यह देखना चाहिए कि उन्होंने तब क्या वादे किए थे और उनमें से कितने पूरे किए। मौर्य ने कहा कि सपा भले ही घोषणापत्र जारी कर दे, लेकिन जनता पर इसका कोई असर पड़ने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि जनता ने पिछले कार्यकाल में सपा का काम देखा है और अब वह भाजपा के काम पर भरोसा कर रही है।
गठबंधन पर बृजभूषण का बयान
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्षी गठबंधन की ताकत को सिरे से नकार दिया। उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस चाहे गठबंधन करके एक साथ चुनाव लड़ें या अलग-अलग मैदान में उतरें, हर परिस्थिति में जीत केवल भाजपा की ही होगी। वहीं बीजेपी नेता बृजभूषण शरण सिंह ने सपा-कांग्रेस गठबंधन पर कहा कि यह उन दलों का निजी मामला है, लेकिन अंततः यह गठबंधन बन ही जाएगा।
इमरान मसूद ने अखिलेश पर कसा तंज
कांग्रेस और सपा के बीच सीट शेयरिंग को लेकर रार खुलकर सामने आ गई है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सपा के उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करने पर अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, ‘ये सपा का अपना निर्णय है, वे अपने निर्णय के लिए स्वतंत्र हैं। गठबंधन के अंदर हम चर्चा कर रहे थे और गठबंधन बैठक के बाद अगर इस तरह से घोषणा हो सकती है तो ये सही नहीं है।’ इमरान मसूद ने कहा, ‘हम भिखारी नहीं हैं। हमने आपसे नहीं कहा कि हमें कौन-सी सीट दीजिए और आपने उस सीट पर घोषणा कर दी, जिनकी हमने मांग भी नहीं की थी। ये तरीका गठबंधन के लिए सही नहीं है। गठबंधन बनाने के लिए गंभीरता की जरूरत है।’ उन्होंने कहा कि हम सहयोगी हो सकते हैं और चाहते हैं कि बीजेपी हारे।
क्या टूटेगा गठबंधन?
सपा के 5 उम्मीदवारों की लिस्ट और कांग्रेस सांसद के तीखे बयान से गठबंधन पर सवाल उठने लगे हैं। अखिलेश यादव पहले ही कह चुके हैं कि सीट बंटवारे से ज्यादा जीत की समीकरण पर ध्यान देना चाहिए। अब देखना यह है कि कांग्रेस और सपा के बीच यह रार कब तक चलती है और क्या चुनाव से पहले दोनों दलों में तालमेल बैठ पाता है या दोनों अलग-अलग चुनाव लड़ते हैं।

