Political News:मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आगरा दौरा अचानक स्थगित हो गया है। वह पिछले दो दिनों से मथुरा में भाजपा की बैठक में शामिल हैं। पहले तय कार्यक्रम के अनुसार, बैठक समाप्त होने के बाद उन्हें आगरा जाना था। वहां पार्टी के दिवंगत विधायक के परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त करनी थी। अब वह मथुरा से सीधे दिल्ली जाएंगे, जहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से उनकी मुलाकात होगी।
दिल्ली में अहम बैठक
मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, योगी आदित्यनाथ अमित शाह को मथुरा में हुई दो दिवसीय बैठक की जानकारी देंगे। इसमें संगठन से मिले जमीनी फीडबैक, चुनावी तैयारियों और आगे की रणनीति से जुड़े प्रमुख बिंदुओं पर चर्चा हो सकती है। बैठक में नितिन नवीन भी शामिल हो रहे हैं।
बैठक का नाम बदला
मथुरा के गोग्राम परखम में भाजपा की इस बैठक का नाम भी बदल दिया गया। शुरुआत में इसे चिंतन शिविर कहा गया था, लेकिन सोमवार को बैठक शुरू होने पर इसका नाम योजना बैठक कर दिया गया। इसमें विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठन से जुड़े विषयों पर मंथन किया जा रहा है।
सूची से बाहर नेता
बैठक की शुरुआत सोमवार दोपहर वंदे मातरम् के साथ हुई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करीब 2:45 बजे गोग्राम परखम स्थित अशोक सिंघल सभागार पहुंचे। शुरुआत में कुछ ऐसे नेता, सांसद, विधायक और मंत्री भी सभागार में मौजूद थे, जिनका नाम बैठक में शामिल होने वालों की सूची में नहीं था। स्वागत की औपचारिकता पूरी होने के बाद सूची में शामिल नहीं होने वाले नेताओं और जनप्रतिनिधियों को बाहर कर दिया गया। इसके बाद बैठक विधिवत शुरू हुई।






















