Most loyal animals to their Partners : जब भी हम वफादारी की बात करते हैं, तो सबसे पहले इंसानों का नाम आता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इंसानों के अलावा भी कुछ जानवर ऐसे होते हैं, जो अपने साथी के लिए पूरी जिंदगी वफादार रहते हैं? ये जानवर न सिर्फ अपने साथी के साथ जिंदगी बिताते हैं, बल्कि साथ में रहकर शिकार, बच्चों की परवरिश और एक-दूसरे की देखभाल भी करते हैं। आइए जानते हैं ऐसे ही बेहद वफादार जानवरों के बारे में।
भेड़िया साथी के लिए जान भी दे दे
भेड़ियों को अक्सर खतरनाक और अकेला समझा जाता है, लेकिन असल में ये अपने परिवार और साथी के लिए बहुत ही वफादार होते हैं। भेड़िए एक ही साथी के साथ पूरी जिंदगी बिताते हैं। वे साथ मिलकर शिकार करते हैं, बच्चों की देखभाल करते हैं और एक-दूसरे की हिफाजत भी करते हैं। अगर किसी वजह से उनका साथी मर जाए, तो वे आमतौर पर अकेले ही रहते हैं और दूसरा साथी नहीं ढूंढते।
हंस प्यार का प्रतीक
हंसों को प्यार और वफादारी का प्रतीक माना जाता है। ‘दो हंसों का जोड़ा’ वाली कहावत आपने जरूर सुनी होगी। ये पक्षी भी एक ही साथी के साथ जीवन बिताते हैं। खाना ढूंढना हो या बच्चों को पालना, हंस सब कुछ मिलकर करते हैं। हालांकि अगर किसी वजह से साथी मर जाए, तो कभी-कभी ये नया साथी भी चुन लेते हैं।
बीवर मेहनती और भरोसेमंद
बीवर बहुत मेहनती और समझदार जानवर होते हैं। ये जोड़े में रहना पसंद करते हैं और साथ मिलकर घर बनाना, खाना इकट्ठा करना और बच्चों की देखभाल करना जैसे काम करते हैं। बीवर भी अपनी पूरी जिंदगी एक ही साथी के साथ बिताते हैं और बहुत वफादार होते हैं।
पेंग्विन सच्चा प्यार निभाने वाले
पेंग्विन्स को सच्चे प्यार की मिसाल माना जाता है। ये भी एक ही साथी के साथ पूरी जिंदगी बिताते हैं। पेंग्विन जोड़े मिलकर अंडों की देखभाल करते हैं और बच्चों को बड़ा करते हैं। खास बात यह है कि नर पेंग्विन मादा को पत्थर गिफ्ट करते हैं। अगर मादा उसे स्वीकार कर ले, तो वे दोनों हमेशा के लिए एक-दूसरे के हो जाते हैं।
बाल्ड ईगल आसमान का वफादार जोड़ा
बाल्ड ईगल एक शिकारी पक्षी है, जो एक बार साथी चुनने के बाद जब तक दोनों जिंदा रहते हैं, साथ ही रहते हैं। हां, अगर कोई एक मर जाए, तो दूसरा नया साथी ढूंढ सकता है, लेकिन जब तक दोनों जिंदा होते हैं, तब तक कभी दूसरा साथी नहीं चुनते।