Barrierless Toll Plaza: तकनीक से आसान हुआ सफर, टोल पर लाइन खत्म, चलती रहेगी गाड़ी अपने आप कटेगा पैसा

सूरत में देश का पहला बैरियरलेस टोल प्लाजा शुरू हुआ है। अब गाड़ियों को रुकना नहीं पड़ेगा और टोल अपने आप कट जाएगा, जिससे समय और ईंधन दोनों की बचत होगी।

barrierless toll plaza India Surat

Surat Barrierless Toll Plaza:गुजरात के सूरत में देश का पहला बैरियरलेस टोल प्लाजा शुरू हो गया है। यह टोल प्लाजा मुंबई दिल्ली हाईवे (NH48) पर चोर्यासी इलाके में बनाया गया है। लंबे समय से इसका ट्रायल चल रहा था, और अब इसे आम लोगों के लिए खोल दिया गया है। इस नई सुविधा का सबसे बड़ा फायदा यह है कि अब गाड़ियों को टोल पर रुकना नहीं पड़ेगा।

अब नहीं लगेगी लंबी लाइन

पहले टोल प्लाजा पर अक्सर लंबी लाइन लग जाती थी, जिससे समय भी खराब होता था और ईंधन भी ज्यादा खर्च होता था। लेकिन इस नई व्यवस्था में गाड़ियां बिना रुके सीधे टोल के नीचे से गुजरेंगी और शुल्क अपने आप कट जाएगा। इससे ट्रैफिक जाम की समस्या काफी हद तक खत्म होने की उम्मीद है।

कैसे काम करती है तकनीक

इस टोल प्लाजा पर ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन यानी ANPR तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। हाई-क्वालिटी कैमरे गाड़ी की नंबर प्लेट को स्कैन करेंगे। इसके बाद नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के सिस्टम से जुड़ा FASTag अकाउंट अपने आप टोल फीस काट लेगा। यह पूरी प्रक्रिया बिना किसी इंसान के दखल के होगी, यानी सब कुछ ऑटोमैटिक और आसान।

NHAI की बड़ी योजना

एनएचएआई ने इस तकनीक की टेस्टिंग 2 फरवरी से शुरू की थी। करीब दो महीने तक ट्रायल के बाद इसे कामरेज के पास शुरू कर दिया गया है। सरकार की योजना है कि 2026 के अंत तक देशभर में 1050 से ज्यादा टोल प्लाजा को इसी तरह के एआई बेस्ड मल्टी लेन फ्री फ्लो सिस्टम में बदल दिया जाए।

समय और ईंधन की बचत

इस नई व्यवस्था से न सिर्फ समय बचेगा, बल्कि ईंधन की भी बड़ी बचत होगी। अनुमान है कि इससे करीब 1,500 करोड़ रुपये का ईंधन बचेगा। साथ ही सरकार को लगभग 6,000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त राजस्व मिलने की उम्मीद है। अब वाहन 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बिना रुके टोल पार कर सकेंगे।

यात्रियों को मिलेगा बड़ा फायदा

इस बदलाव से आम लोगों की यात्रा और ज्यादा आरामदायक हो जाएगी। अब न तो टोल पर रुकना पड़ेगा और न ही लंबा इंतजार करना होगा। इससे सफर तेज, आसान और परेशानी मुक्त होगा।

Exit mobile version