Viral Video: रिश्वत के आरोपों के बीच महिला तहसीलदार का डांस वीडियो वायरल, क्यों गई छुट्टी पर

फिरोजाबाद में तहसीलदार का डांस वीडियो वायरल होने के बाद विवाद बढ़ गया है। वीडियो को नए साल की पार्टी का बताया जा रहा है, जबकि जमीन मामले में रिश्वत के आरोपों की जांच भी शुरू हो गई है।

Firozabad Viral Video: फिरोजाबाद में रविवार को एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। इस वीडियो में तहसीलदार राखी शर्मा और कुछ लेखपाल डांस करते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आते ही लोगों के बीच इसको लेकर तरह-तरह की बातें शुरू हो गईं। कोई इसे सामान्य पार्टी बता रहा है, तो कोई इसे लेकर सवाल उठा रहा है।

नए साल के जश्न का बताया जा रहा वीडियो

जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो नए साल के जश्न का बताया जा रहा है। मंडी समिति गेस्ट हाउस के सामने यह कार्यक्रम हुआ था, जहां तहसीलदार, नायब तहसीलदार और लेखपाल एक साथ डांस करते दिख रहे हैं। करीब 38 सेकेंड के इस वीडियो ने पूरे जिले में हलचल मचा दी है।

रिश्वत के आरोप से बढ़ा मामला

इस वीडियो के साथ एक और बड़ा आरोप भी जुड़ गया है। सोशल मीडिया पर एक मीडियाकर्मी ने दावा किया कि 30 दिसंबर 2025 को तहसीलदार ने एक दिव्यांग व्यक्ति से जमीन के मामले में मदद के नाम पर एक लाख रुपये लिए थे। पोस्ट में यह भी कहा गया कि उसी पैसे से नए साल की पार्टी की गई। हालांकि, इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

शासन स्तर पर हलचल

इस पूरे मामले के सामने आने के बाद प्रशासनिक स्तर पर भी हलचल तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि पहले से एक वरिष्ठ अधिकारी के साथ विवाद के चलते तहसीलदार को राजस्व परिषद लखनऊ से संबद्ध किया गया था। फिलहाल वह चार दिन की छुट्टी पर चली गई हैं।

जांच आयुक्त को सौंपी गई

जमीन से जुड़े आरोपों की जांच अब लखनऊ के आयुक्त विजय विश्वास पंत को सौंपी गई है। इस खबर के बाद कलक्ट्रेट में भी कर्मचारियों के बीच चर्चा और चिंता का माहौल बन गया है। वहीं, नए तहसीलदार सुशील कुमार ने हाल ही में पदभार संभाल लिया है।

पत्रकार के खिलाफ FIR दर्ज

दूसरी ओर, तहसीलदार राखी शर्मा ने एक पत्रकार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि पत्रकार ने सोशल मीडिया पर गलत और अपमानजनक पोस्ट शेयर किए। साथ ही सरकारी काम में बाधा डालने और छवि खराब करने की कोशिश की।

गैर कानूनी काम का दबाव का आरोप

तहसीलदार ने अपनी शिकायत में बताया कि पत्रकार उन पर दबाव बनाकर गैर कानूनी काम करवाना चाहता था। मना करने पर उसने बदनाम करने की धमकी दी और सोशल मीडिया पर कई पोस्ट डाल दिए।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर अनिल कुमार के अनुसार, जांच की जिम्मेदारी क्राइम ब्रांच को सौंपी गई है। जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version