Site icon News1India

Bank Strike: दिसंबर में बैंक हड़ताल, क्या आपका पैसा फंसेगा, किस फैसले ने बैंक कर्मचारियों को भड़काया

आर्थिक मामलों की कैबिनेट समिति ने 14 अक्टूबर को इस बिक्री को मंजूरी दी थी। इस सौदे के तहत केंद्र सरकार आईडीबीआई बैंक में अपनी 30.48 फीसदी और एलआईसी अपनी 30.24 फीसदी हिस्सेदारी बेच रही है। फेयरफैक्स ने इसके लिए 81 रुपये प्रति शेयर की बोली लगाई है। इस हिसाब से सरकार की हिस्सेदारी की कीमत लगभग 26,620 करोड़ रुपये और एलआईसी की हिस्सेदारी की कीमत करीब 26,440 करोड़ रुपये आंकी गई है। उम्मीद जताई जा रही है कि आरबीआई की जरूरी मंजूरियों के बाद यह सौदा मौजूदा वित्त वर्ष के अंत तक पूरा हो जाएगा।

यूनियनों को क्या आपत्ति?

बैंक यूनियनों का कहना है कि किसी भारतीय बैंक की कमान एक विदेशी निजी कंपनी को सौंपना न तो बैंक में पैसा जमा कराने वालों के लिए ठीक है और न ही देश की बैंकिंग व्यवस्था के हित में है। हड़ताल का ऐलान करने वाली तीनों यूनियनों ने सरकार से मांग की है कि आईडीबीआई बैंक को बेचने का फैसला तुरंत वापस लिया जाए और सरकारी बैंकों का निजीकरण बंद किया जाए। यूनियनों का कहना है कि आईडीबीआई बैंक में आम जनता की करीब 3.5 लाख करोड़ रुपये की गाढ़ी कमाई जमा है और बैंक ने 2.5 लाख करोड़ रुपये कर्ज भी दे रखा है। ऐसे में बैंक का नियंत्रण निजी हाथों में देने से पैसा जमा कराने वालों की धनराशि को लेकर चिंता पैदा होती है।

क्या होगा असर?

3 दिसंबर की हड़ताल से बैंकिंग सेवाओं पर बड़ा असर पड़ सकता है। चेक क्लियरिंग, नकद निकासी, जमा, लोन से जुड़े काम और अन्य बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। हालांकि, ऑनलाइन बैंकिंग और एटीएम सेवाएं चालू रहने की उम्मीद है। यूनियनों ने निजी बैंकों का राष्ट्रीयकरण करने की मांग भी उठाई है, ताकि लोगों की बचत निजी कंपनियों के भरोसे न रहे। अब देखना यह है कि सरकार यूनियनों की मांग मानती है या नहीं, और क्या यह हड़ताल टल पाती है।

Exit mobile version