Site icon News1India

Amitabh Bachchan के एक ट्वीट ने किया उनके फैंस को परेशान, जाने किस बात का किया ज़िक्र

Amitabh Bachchan Retirement: अमिताभ बच्चन के एक हालिया ब्लॉग पोस्ट ने उनके फैंस के बीच हलचल पैदा कर दी थी। उन्होंने लिखा था, “देर हो गई है, रिटायर होने का समय आ गया है।” इस लाइन के सामने आने के बाद कयास लगाए जाने लगे कि 83 वर्षीय अभिनेता शायद फिल्मों या टीवी से दूरी बनाने की तैयारी कर रहे हैं।

हालांकि, अब अमिताभ बच्चन ने खुद इन अटकलों पर सफाई दे दी है और बताया है कि उनके बयान का मतलब बिल्कुल अलग था।

‘रिटायर’ शब्द का बिग बी ने बताया मतलब

अमिताभ बच्चन ने एक अखबार की क्लिपिंग शेयर करते हुए स्पष्ट किया कि ब्लॉग में लिखे ‘रिटायर’ शब्द का इस्तेमाल उन्होंने काम छोड़ने के अर्थ में नहीं किया था। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि इसका मतलब दिन का काम खत्म होने के बाद सोने जाने से था।

उन्होंने लिखा, “मैं काम से रिटायर नहीं हो रहा हूं; अंग्रेजी में इसका मतलब होता है कि मैं अब सोने जा रहा हूं।” इस तरह बिग बी ने साफ कर दिया कि फिलहाल उनके काम से संन्यास लेने की कोई घोषणा नहीं है।

KBC 18 को होस्ट कर रहे हैं अमिताभ

अमिताभ बच्चन इन दिनों ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के 18वें सीजन को होस्ट कर रहे हैं। क्विज आधारित यह शो साल 2000 में शुरू हुआ था और बिग बी लंबे समय से इससे जुड़े हुए हैं। शो का नया सीजन 10 अगस्त से सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर प्रसारित हो रहा है। इसके एपिसोड SonyLIV पर भी स्ट्रीम किए जा रहे हैं।

जया बच्चन को लेकर भी सुनाया किस्सा

KBC के एक आगामी एपिसोड में अमिताभ बच्चन अपनी पत्नी जया बच्चन से जुड़ा मजेदार किस्सा भी सुनाते नजर आएंगे। एक कंटेस्टेंट के सवाल पर उन्होंने बताया कि किसी कार्यक्रम में समय पर पहुंचने के लिए वह जया को आयोजन के वास्तविक समय से एक घंटा पहले का समय बता देते हैं, ताकि तैयारी में देरी न हो।

काम की बात करें तो अमिताभ बच्चन आखिरी बार 2024 में रिलीज हुई फिल्म ‘वेट्टैयन’ में नजर आए थे, जिसमें रजनीकांत भी मुख्य भूमिका में थे।

Exit mobile version