Site icon News1India

Sunidhi Chauhan Birthday: 5 साल की उम्र से शुरू हुआ संगीत का सफर, इस गाने की सफलता से बनीं बॉलीवुड की दमदार आवाज

Sunidhi Chauhan Birthday: बॉलीवुड की मशहूर प्लेबैक सिंगर Sunidhi Chauhan 14 अगस्त को अपना जन्मदिन मनाती हैं। 1983 में नई दिल्ली में जन्मीं सुनिधि का संगीत का सफर बेहद कम उम्र में शुरू हो गया था। उनका जन्म नाम निधि चौहान था।

उनके पिता थिएटर से जुड़े थे और घर में संगीत का माहौल था। करीब 4-5 साल की उम्र में ही सुनिधि स्थानीय कार्यक्रमों में गाने लगी थीं। वह मंच के पीछे खड़ी रहती थीं और उनके पिता इशारा करके उन्हें स्टेज पर भेजते थे।

13 साल की उम्र में जीता सिंगिंग शो

करीब 11 साल की उम्र में सुनिधि का परिवार दिल्ली से मुंबई आ गया। यहां उनकी मुलाकात संगीतकार कल्याणजी से हुई और वह उनकी संगीत अकादमी से जुड़ गईं। बाद में वह ‘लिटिल वंडर्स’ ग्रुप की प्रमुख गायिका बनीं।

1996 में फिल्म ‘शस्त्र’ के गाने ‘लड़की दीवानी देखो’ से उन्होंने फिल्मी दुनिया में कदम रखा। इसी साल उन्होंने दूरदर्शन के सिंगिंग रियलिटी शो ‘मेरी आवाज सुनो‘ में हिस्सा लिया और महज 13 साल की उम्र में विजेता बनीं। उन्हें ट्रॉफी दिग्गज गायिका लता मंगेशकर ने दी थी।

‘धूम मचाले’ से ‘शीला की जवानी’ तक

1999 में फिल्म ‘मस्त‘ के गाने ‘रुकी रुकी सी जिंदगी’ ने सुनिधि को बड़ी पहचान दिलाई। इसके बाद ‘महबूब मेरे’, ‘धूम मचाले’, ‘बीड़ी’, ‘ये मेरा दिल’, ‘देशी गर्ल’, ‘शीला की जवानी’ और ‘कमली’ जैसे गानों ने उन्हें इंडस्ट्री की सबसे लोकप्रिय आवाजों में शामिल कर दिया।

‘मर्दाना आवाज’ कहकर किया गया था रिजेक्ट

सुनिधि के करियर में मुश्किल दौर भी आया। उन्होंने बताया था कि कुछ संगीतकार उनकी आवाज को ‘मर्दाना’ कहते थे और उन्हें रोमांटिक गाने देने से भी बचते थे। हालांकि, अनु मलिक ने उनका साथ दिया और उन्हें अलग तरह के गाने गाने के मौके मिले।

बाद में उनकी यही दमदार और अलग आवाज उनकी सबसे बड़ी पहचान बन गई।

निजी जिंदगी में भी आईं मुश्किलें

सुनिधि ने 2002 में महज 18 साल की उम्र में कोरियोग्राफर-निर्देशक बॉबी खान से शादी की थी। यह रिश्ता करीब एक साल बाद खत्म हो गया। तलाक के बाद उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना भी करना पड़ा, लेकिन उन्होंने अपने करियर पर ध्यान बनाए रखा। बाद में उन्होंने संगीतकार हितेश सोनिक से शादी की और दोनों का एक बेटा है।

कई बड़े पुरस्कार किए अपने नाम

सुनिधि को अपने शानदार गायन के लिए कई सम्मान मिल चुके हैं। उन्हें ‘मस्त’ के लिए आर.डी. बर्मन अवॉर्ड और ‘बीड़ी’ तथा ‘शीला की जवानी’ के लिए फिल्मफेयर अवॉर्ड मिला। वह कई सिंगिंग रियलिटी शोज में जज भी रह चुकी हैं।

Exit mobile version