Mumbai Amritsar Express Fire: मुंबई से अमृतसर जा रही ट्रेन संख्या 11057 अमृतसर एक्सप्रेस में बुधवार सुबह बड़ा हादसा होने से बच गया। ट्रेन जब जलगांव रेलवे स्टेशन पहुंची, तभी उसकी जनरेटर बोगी के ब्रेक डिस्क में अचानक आग लग गई। बोगी से धुआं उठता देख यात्रियों में घबराहट फैल गई। कई लोग अपनी सुरक्षा के लिए जल्दी-जल्दी ट्रेन से उतरने लगे।
हालांकि, रेलवे कर्मचारियों और तकनीकी टीम ने बिना देरी किए हालात संभाल लिए। उनकी सतर्कता और तेज कार्रवाई की वजह से आग कुछ ही मिनटों में बुझा दी गई और बड़ा हादसा टल गया।
तकनीकी गड़बड़ी से लगी आग
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रेन जब जलगांव स्टेशन में प्रवेश कर रही थी, तभी रेलवे ट्रैक पर फंसी लोहे की एक चाबी निकलकर ट्रेन के डिवाइडर (DV) से टकरा गई। इस टक्कर के कारण ट्रेन के एयर प्रेशर में अचानक कमी आ गई। एयर प्रेशर कम होते ही इमरजेंसी ब्रेक सिस्टम अपने आप सक्रिय हो गया। इसके चलते बैगेज ब्रेक और जनरेटर बोगी के ब्रेक पूरी ताकत से लग गए। तेज रफ्तार में अचानक ब्रेक लगने से ब्रेक डिस्क में ज्यादा घर्षण हुआ, जिससे पहले चिंगारी निकली और फिर आग लग गई।
रेलवे कर्मचारियों ने तुरंत संभाला मोर्चा
जैसे ही जनरेटर बोगी से धुआं निकलना शुरू हुआ, स्टेशन पर मौजूद रेलवे स्टाफ और तकनीकी अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बोगी में रखे दो अग्निशामक यंत्रों का इस्तेमाल कर आग बुझाने का काम शुरू किया। कुछ ही मिनटों की मेहनत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। समय रहते कार्रवाई होने से आग दूसरी बोगियों तक नहीं पहुंची और सभी यात्री सुरक्षित रहे।
जांच के बाद आगे रवाना हुई ट्रेन
आग बुझने के बाद रेलवे के वरिष्ठ इंजीनियरों ने जनरेटर बोगी और ब्रेक सिस्टम की पूरी जांच की। सभी सुरक्षा उपकरणों और ब्रेक डिस्क को सुरक्षित पाए जाने के बाद ही ट्रेन को आगे रवाना करने की अनुमति दी गई। करीब सवा घंटे की देरी के बाद सुबह लगभग 8:15 बजे अमृतसर एक्सप्रेस को भुसावल की ओर रवाना किया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई। यात्रियों ने रेलवे कर्मचारियों और तकनीकी टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सतर्कता से एक बड़ा रेल हादसा टल गया।
