Delhi Rain tragedy : नाले में गिरकर 20 साल के युवक की मौत, दिल्ली-NCR में बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें

दिल्ली-एनसीआर में लगातार बारिश से जलभराव और यातायात संकट बढ़ गया है। सरिता विहार में 20 वर्षीय युवक अंकित की नाले में गिरने से मौत हो गई। मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी किया।

Delhi NCR Rain Alert

Delhi NCR Rain Alert:दिल्ली के सरिता विहार इलाके में बारिश और जलभराव के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। नाले में गिरने से 20 वर्षीय युवक अंकित की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक अंकित मूल रूप से बिहार का रहने वाला था और नोएडा की एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। बताया जा रहा है कि वह नोएडा से लौटकर सरिता विहार पहुंचा था, जहां जलभराव के कारण रास्ते में यह हादसा हुआ।

नाले में फिसला पैर

स्थानीय लोगों के अनुसार अंकित नाले को पार कर दूसरी तरफ जाने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह सीधे नाले में जा गिरा। पानी अधिक होने के कारण वह खुद को संभाल नहीं सका। डूबने की वजह से उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बारिश के दौरान खुले नालों तथा जलभराव वाले रास्तों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं।

दिल्ली-NCR बेहाल

लगातार हो रही बारिश ने दिल्ली के साथ-साथ पूरे एनसीआर में जनजीवन प्रभावित किया है। दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और आसपास के कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया है। जलभराव के कारण वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई और दफ्तर जाने वाले लोगों समेत आम यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई प्रमुख मार्गों पर भी ट्रैफिक दबाव बढ़ने से लोगों का सफर लंबा हो गया।

सड़क पर बढ़ा खतरा

बारिश के पानी के साथ कई जगहों पर सड़कों पर कीचड़ और गड्ढों की समस्या भी गंभीर हो गई है। पानी जमा होने से सड़क की वास्तविक स्थिति दिखाई नहीं देती, जिससे वाहन चालकों और पैदल चलने वालों के लिए खतरा बढ़ जाता है। वहीं, लगातार बारिश के बीच एक आवासीय सोसाइटी में ग्रीन बेल्ट की दीवार गिरने की घटना भी सामने आई है। इससे लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है।

आज भी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 8 अगस्त को दिल्ली-एनसीआर में आसमान में सामान्यतः बादल छाए रहने और मध्यम बारिश होने की संभावना है। दिल्ली में बारिश ने कई वर्षों के रिकॉर्ड को भी प्रभावित किया है। प्रगति मैदान से छतरपुर तक कई इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई, जबकि तापमान में करीब 7 डिग्री तक गिरावट देखने को मिली। गुरुग्राम में भी मौसम विभाग ने भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। ऐसे में लोगों को जलभराव वाले रास्तों, खुले नालों और कमजोर निर्माण वाले इलाकों से सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Exit mobile version