Kanpur-Lucknow Weather Update: बारिश और हवा से बदला मौसम का मिजाज, मार्च की तेज गर्मी के बाद अप्रैल लाया राहत

मार्च के अंत में हुई बारिश और तेज हवाओं ने कानपुर और लखनऊ में गर्मी से थोड़ी राहत दी। तापमान में हल्की गिरावट आई है, लेकिन 5 अप्रैल तक उतार-चढ़ाव बना रहेगा। दिन में धीरे-धीरे गर्मी बढ़ेगी और मौसम ज्यादातर सूखा रहेगा।

Kanpur Lucknow weather update

Kanpur Lucknow Weather Update:मार्च के आखिरी दिनों में जहां गर्मी अपने चरम पर पहुंच गई थी, वहीं महीने के अंतिम दिन रात में हुई बारिश और तेज हवाओं ने कानपुर और लखनऊ के मौसम को अचानक बदल दिया। देर रात से लेकर सुबह तक कई इलाकों में रुक-रुक कर बारिश हुई, जिसका असर मंगलवार की सुबह साफ दिखाई दिया। एक दिन पहले तक जहां तेज धूप और गर्म हवाओं से लोग परेशान थे, वहीं बारिश के बाद मौसम में थोड़ी राहत महसूस की गई।

तापमान में आई गिरावट

मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सोमवार के 37 डिग्री से कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान में भी बड़ी गिरावट देखने को मिली। यह 5.4 डिग्री गिरकर 18.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक का एहसास हुआ, जबकि दिन में हल्की गर्मी बनी रही।

अगले कुछ दिनों का हाल

मौसम विभाग के अनुसार, यह बदलाव कुछ दिनों तक जारी रहेगा। तापमान में स्थिरता आने में अभी समय लग सकता है। कभी हल्की ठंडक तो कभी अचानक गर्मी बढ़ने की स्थिति बन सकती है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यह सामान्य मौसमी बदलाव है, लेकिन इससे लोगों को थोड़ी असहजता हो सकती है। इसलिए लोगों को अपनी दिनचर्या मौसम के अनुसार ढालने की सलाह दी गई है।

5 अप्रैल तक रहेगा असर

मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक, 5 अप्रैल तक तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव बना रहेगा। इस दौरान आसमान अधिकतर साफ रहेगा और बारिश की संभावना बहुत कम है। दिन में धूप तेज होती जाएगी, जिससे धीरे-धीरे गर्मी फिर बढ़ सकती है।

लखनऊ में बदलेगा मौसम

लखनऊ में गुरुवार को धूप के साथ बादलों की आवाजाही बढ़ सकती है। दिन के तापमान में बढ़ोतरी होने के आसार हैं, जिससे लोगों को फिर से गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।

अयोध्या में बादल और फुहार

अयोध्या में पश्चिमी विक्षोभ के कारण सुबह घने बादल छाए रहे और हल्की बारिश भी हुई। इससे लोगों को कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन किसानों की चिंता बढ़ गई। हालांकि सुबह के बाद धूप निकल आई और दिन में गर्मी तेज हो गई। यहां अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

गोरखपुर रहेगा सूखा

गोरखपुर, देवरिया और बस्ती में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। यहां फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है और गर्मी धीरे-धीरे बढ़ेगी।

Exit mobile version