Weather Update:शुक्रवार (20 मार्च 2026) की सुबह NCR समेत पूरे उत्तर भारत में बारिश के साथ हुई, जिससे मौसम अचानक ठंडा हो गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि आने वाले 24 से 48 घंटों के दौरान मौसम और अधिक खराब हो सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से कई राज्यों में तेज बारिश, आंधी और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।
तेज हवाओं और ओलावृष्टि का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 70 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
इसके अलावा 20 और 21 मार्च को पूर्वी उत्तर प्रदेश में बिजली गिरने और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। कई इलाकों में ओलावृष्टि भी लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है।
दिल्ली में फिर बिगड़ेगा मौसम
राजधानी दिल्ली में आज एक बार फिर बारिश और तेज हवाओं का दौर देखने को मिलेगा। लक्ष्मी नगर, आनंद विहार, आईटीओ और उत्तम नगर जैसे इलाकों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
यहां अधिकतम तापमान 22°C और न्यूनतम 14°C रहने का अनुमान है, जिससे ठंडक बनी रहेगी।
उत्तर प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट
उत्तर प्रदेश में मौसम का रुख तेजी से बदल रहा है। सुबह से कई जिलों में बादल छाए हुए हैं और बारिश शुरू हो चुकी है। IMD ने प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
लखनऊ आंचलिक मौसम केंद्र के अनुसार, 26 जिलों में ओलावृष्टि और करीब 50 जिलों में तेज हवाओं का खतरा है। आगरा, कानपुर, बरेली, गोरखपुर, मेरठ और वाराणसी समेत कई शहरों में मौसम खराब रहेगा।लखनऊ में अधिकतम तापमान 27°C और न्यूनतम 17°C रहने की संभावना है।
बिहार में भी तूफान और बारिश की चेतावनी
बिहार में भी मौसम विभाग ने भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है। कटिहार, पूर्णिया, अररिया, किशनगंज, दरभंगा और मधुबनी जैसे जिलों में तेज बारिश की संभावना है।पटना में तापमान 32°C अधिकतम और 20°C न्यूनतम रहने का अनुमान है।
जनजीवन पर असर
तेज हवाओं, बारिश और ओलावृष्टि के कारण आम जनजीवन प्रभावित हो सकता है। फसलों को नुकसान, यातायात में बाधा और बिजली कटौती जैसी समस्याएं सामने आ सकती हैं। लोगों को सावधानी बरतने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की गई है।








