UP Weather February Heat:उत्तर प्रदेश में फरवरी के अंतिम सप्ताह में ही गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। आमतौर पर इस समय हल्की सर्दी बनी रहती है, लेकिन इस बार दिन का तापमान लगातार बढ़ रहा है। कई जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया है।
सुबह के समय हल्की ठंड का एहसास हो रहा है, खासकर ग्रामीण इलाकों में, लेकिन दोपहर की तेज धूप लोगों को मार्च जैसी गर्मी का अनुभव करा रही है। रजाई और कंबल अब समेटे जाने लगे हैं और लोग हल्के कपड़ों की ओर रुख कर रहे हैं।
कानपुर बना सबसे गर्म शहर
राज्य के प्रमुख शहरों में कानपुर का तापमान सबसे अधिक रिकॉर्ड किया गया है। यहां दिन का तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा चल रहा है।
वहीं अयोध्या में भी तापमान में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। लोगों को समय से पहले गर्मी का अहसास होने लगा है, जिससे दोपहर के समय बाजारों और सड़कों पर भीड़ अपेक्षाकृत कम देखी जा रही है।
लखनऊ समेत कई जिलों में बढ़ेगा पारा
लखनऊ के अमौसी स्थित क्षेत्रीय मौसम केंद्र के अनुसार 26 फरवरी को प्रदेश के सभी 75 जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। राजधानी में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
इसके अलावा मेरठ, आगरा, अलीगढ़, इटावा, मथुरा और अमेठी सहित कई जिलों में तापमान और बढ़ने की संभावना जताई गई है। पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में दिन चढ़ने के साथ धूप और तीखी हो सकती है।
पूरा प्रदेश ग्रीन जोन में
मौसम विभाग ने 26, 27 और 28 फरवरी के लिए बारिश की कोई चेतावनी जारी नहीं की है। पूरे राज्य को ग्रीन जोन में रखा गया है। अधिकतम तापमान 28 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि रात के तापमान में भी हल्की बढ़ोतरी हो सकती है।
क्या वेस्टर्न डिस्टर्बेंस देगा राहत?
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आने वाले दिनों में दो नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकते हैं। पहला 27 फरवरी और दूसरा 2 मार्च को सक्रिय होने की संभावना है।
यदि ये सिस्टम मजबूत रहे तो तापमान में हल्की गिरावट और कुछ इलाकों में बादल छाने की स्थिति बन सकती है। हालांकि फिलहाल लोगों को तेज धूप और बढ़ती गर्मी के लिए तैयार रहने की सलाह दी गई।
