UP Weather Update :मौसम विभाग के अनुसार 1 अप्रैल को पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। पिछले कुछ दिनों से जारी बूंदाबांदी पर ब्रेक लग जाएगा। सुबह के समय कुछ इलाकों में हल्के बादल रह सकते हैं, लेकिन दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ हो जाएगा। सभी जिलों को ग्रीन जोन में रखा गया है और कहीं भी बारिश या आंधी का अलर्ट नहीं है।
3 अप्रैल से फिर बदलेगा मौसम, बारिश-आंधी का अलर्ट
हालांकि यह राहत ज्यादा दिनों तक नहीं टिकेगी। 3 अप्रैल से एक बार फिर मौसम बदलने के संकेत हैं। पश्चिमी यूपी के आगरा, मथुरा और अलीगढ़ में हल्की बारिश हो सकती है।
4 अप्रैल को पूरे प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है। इस दौरान 30-40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
नोएडा से लखनऊ तक अलग-अलग असर
राजधानी Lucknow में सुबह के समय घने बादल छाए रहने की संभावना है और कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। हालांकि दोपहर बाद मौसम साफ हो जाएगा और तेज धूप निकलेगी। यहां अधिकतम तापमान करीब 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
वहीं Varanasi और Prayagraj में आंशिक बादल छाए रहेंगे, लेकिन बारिश की संभावना नहीं है।
किसानों की बढ़ी चिंता, फसलों को नुकसान
बेमौसम बारिश और तेज हवाओं ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। कई जगहों पर पकी हुई फसलें आंधी और बारिश की चपेट में आकर खराब हो गई हैं। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है और आने वाले दिनों के मौसम को लेकर उनकी चिंता बनी हुई है।
6 अप्रैल के बाद तेज होगी गर्मी
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 6 अप्रैल के बाद बारिश का दौर थम जाएगा और गर्मी तेजी से बढ़ेगी। अप्रैल से जून तक तापमान सामान्य से अधिक रहने का अनुमान है।
हालांकि अप्रैल में पश्चिमी विक्षोभ के कारण बीच-बीच में बारिश हो सकती है, लेकिन इसका गर्मी पर ज्यादा असर नहीं पड़ेगा।






