Site icon News1India

Weather update : UP में बूंदाबांदी और ठंडी हवाओं का असर,मौसम हुआ सुहावना,गिरेगा तापमान जल्द बढ़ेगी ठंड

UP Weather Update October Rain

UP Weather Update:बंगाल की खाड़ी और अरब सागर दोनों पर बने संयुक्त प्रभाव से उत्तर प्रदेश का मौसम बदल गया है। बुंदेलखंड समेत कई जिलों में सोमवार को बादलों का जमावड़ा और हल्की बूंदाबांदी देखने को मिली। इससे मौसम सुहावना हो गया है और तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार, पूर्व-मध्य अरब सागर पर बने अवदाब से लेकर पश्चिमी मध्य प्रदेश तक फैली द्रोणिका निचले वायुमंडल में नमी खींच रही है। इसके चलते पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड के जिलों में 27 अक्टूबर को हल्की बारिश दर्ज की गई।

पूर्वांचल में 29 से 31 अक्टूबर तक बारिश की संभावना

मौसम आंचलिक केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी पर बना गहरा अवदाब एक भीषण चक्रवाती तूफान में तब्दील होकर 28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश के तट से टकराएगा।
इसके अवशेष उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ेंगे, जिससे 29 से 31 अक्टूबर तक पूर्वांचल के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और छींटे पड़ने की संभावना है।

तापमान में गिरावट और जल्द बढ़ेगी ठंड

दोनों मौसम प्रणालियों के प्रभाव से अगले चार से पांच दिनों तक प्रदेश के कई इलाकों में बादल छाए रहने और रुक-रुक कर वर्षा होने की उम्मीद है।

इस दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। हालांकि न्यूनतम तापमान में मामूली वृद्धि या स्थिरता बनी रह सकती है।

रविवार को मेरठ में राज्य का सबसे कम तापमान 15.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि बरेली (15.3°C), नजीबाबाद (16°C), मुजफ्फरनगर (16°C) और शाहजहांपुर (16.4°C) रहे।

मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि तापमान में लगातार गिरावट से इस बार ठंड जल्दी और अधिक तीव्रता से दस्तक दे सकती है।

Exit mobile version