Site icon News1India

Weather Update: यूपी में बदला मौसम, तेज आंधी-बारिश से मिली राहत, तापमान में आई भारी गिरावट

UP Weather Update: उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को तेज हवाओं और बारिश ने बड़ी राहत दी है। गुरुवार देर रात से प्रदेश के विभिन्न जिलों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटे तक कई क्षेत्रों में आंधी, बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना बनी हुई है।

10 डिग्री तक गिर सकता है तापमान

मौसम वैज्ञानिक डॉ. सीताराम मिश्रा ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण प्रदेश में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। अगले दो दिनों तक 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके प्रभाव से अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से घटकर करीब 30 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री से गिरकर 20 से 22 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। तेज हवाओं के कारण उमस में कमी आएगी और रात का मौसम भी सुहावना रहेगा।

एक दिन में 7.1 डिग्री लुढ़का पारा

पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती हवाओं के असर से शुक्रवार को तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। देर रात कई क्षेत्रों में 72 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चली और बारिश हुई। दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही, जिससे अधिकतम तापमान में 7.1 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वर्ष 2024 के बाद मई महीने में पहली बार न्यूनतम तापमान इतना नीचे पहुंचा है। विभाग ने शनिवार तक आंधी और बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई है।

किसानों और बागवानों को मिली राहत

लखनऊ और मलिहाबाद क्षेत्र में गुरुवार रात चली आंधी अपेक्षाकृत हल्की रही, जिससे आम के बागों को कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। बागवानों के अनुसार केवल कुछ ही आम पेड़ों से गिरे हैं। वहीं बारिश से हरी सब्जियों, दलहनी फसलों और धान की नर्सरी तैयार करने वाले किसानों को फायदा पहुंचा है।नगराम के किसान दिनेश लोधी ने बताया कि उरद और मूंग जैसी दलहनी फसलों के लिए यह बारिश काफी लाभदायक साबित होगी। हालांकि टमाटर की फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी हुई है। मौसम में आए इस बदलाव से किसानों के साथ-साथ आम लोगों को भी गर्मी से बड़ी राहत मिली है।

Exit mobile version