Site icon News1India

UP Weather:कहीं आंधी-बारिश तो कहीं लू का सितम, यूपी के 25 जिलों में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी,जानिए कब मिलेगी गर्मी से राहत

UP Weather Alert

Uttar Pradesh Heatwave Alert:उत्तर प्रदेश में इन दिनों मौसम का दोहरा रूप देखने को मिल रहा है। प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली की घटनाएं सामने आ रही हैं, जबकि दूसरी ओर भीषण गर्मी और लू ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। कई क्षेत्रों में हवाएं 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। वहीं तेज धूप और बढ़ते तापमान ने लोगों को घरों में रहने के लिए मजबूर कर दिया है।

बांदा बना देश का सबसे गर्म शहर

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश का बांदा जिला 43.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ देश का सबसे गर्म स्थान दर्ज किया गया। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य से कई डिग्री अधिक बना हुआ है। खासकर पूर्वी उत्तर प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस ऊपर रिकॉर्ड किया जा रहा है।

25 जिलों में हीटवेव का येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने लखनऊ, उन्नाव, लखीमपुर खीरी, बाराबंकी, बहराइच, श्रावस्ती, सीतापुर, जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली और सोनभद्र समेत 25 जिलों के लिए हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है।

रात में भी नहीं मिल रही राहत

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, दिन के साथ-साथ रात का तापमान भी सामान्य से 1.6 से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है। इसके कारण लोगों को रात में भी गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि 20 जून तक अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना जताई गई है, जिससे कुछ राहत मिल सकती है।

किसानों के लिए जारी की गई विशेष सलाह

भीषण गर्मी को देखते हुए कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है। सब्जियों और फलों की फसलों में नियमित सिंचाई करने, मिट्टी में नमी बनाए रखने के लिए पुआल का उपयोग करने तथा छोटे पौधों को तेज धूप से बचाने के लिए शेड नेट लगाने की सिफारिश की गई है।

जल्द खत्म हो सकता है मानसून का इंतजार

मौसम विभाग के अनुसार, 22 से 23 जून तक उत्तर प्रदेश में मानसून दस्तक दे सकता है। लखनऊ स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने बताया कि फिलहाल अरब सागर से आने वाली नमी कमजोर पड़ने और पश्चिमी शुष्क हवाओं के प्रभाव के कारण मानसून की रफ्तार धीमी हुई है। हालांकि आगामी पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से नमी बढ़ेगी और मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनेंगी। इससे प्रदेशवासियों को गर्मी से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

Exit mobile version