Uttar Pradesh Weather:उत्तर प्रदेश में बढ़ी गर्मी, फरवरी में दिखने लगा मार्च जैसा मौसम,तेज धूप से बदला मौसम का मिजाज

उत्तर प्रदेश में पछुआ हवाओं के कमजोर पड़ने से तापमान बढ़ रहा है। तेज धूप से फरवरी में मार्च जैसी गर्मी महसूस हो रही है। अगले दिनों में कोहरा खत्म होगा और गर्मी बढ़ेगी।

Uttar Pradesh Weather Update

Uttar Pradesh Weather Update:पिछले तीन-चार दिनों से उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पछुआ हवाओं के कमजोर पड़ने के कारण दिन के तापमान में लगातार तीसरे दिन बढ़ोतरी दर्ज की गई है। तेज धूप निकलने से फरवरी के महीने में ही मार्च जैसी गर्मी का अहसास होने लगा है। मंगलवार को दोपहर के समय सड़कों पर ज्यादातर लोग बिना स्वेटर और जैकेट के नजर आए, जो मौसम में आए बदलाव को साफ दर्शाता है।

सोमवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान करीब दो डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 26.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले चार से पांच दिनों तक मध्य, पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में अधिकतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है।

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार की सुबह तराई इलाकों, विशेषकर उत्तराखंड और नेपाल से सटे जिलों में कुछ समय के लिए हल्का कोहरा छाया रहा। हालांकि, इसका ज्यादा असर नहीं पड़ा और सुबह से ही प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज धूप देखने को मिली। इससे तापमान में तेजी से इजाफा हुआ।

अब नहीं पड़ेगा कोहरे का असर

मौसम विभाग के मुताबिक, मंगलवार से प्रदेशभर में कोहरे का असर पूरी तरह समाप्त हो जाएगा। लगातार दूसरे दिन भी बांदा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, प्रयागराज 28.9 डिग्री सेल्सियस के साथ दूसरे स्थान पर रहा।
कानपुर और वाराणसी में सबसे गर्म रात रिकॉर्ड की गई, जहां न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे लोगों को रात के समय भी हल्की गर्मी का अनुभव होने लगा है।

अगले कुछ दिनों तक रहेगा गर्म मौसम

मौसम विभाग ने बताया कि फिलहाल अगले पांच से छह दिनों तक प्रदेश में कोई सक्रिय मौसम तंत्र प्रभावी नहीं रहेगा। इसके चलते बारिश या ठंड बढ़ने की संभावना नहीं है। तेज धूप के कारण दिन का तापमान लगातार बढ़ता रहेगा और धीरे-धीरे गर्मी अपनी दस्तक देगी।
विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि वे धूप में निकलते समय सावधानी बरतें, पर्याप्त पानी पिएं और मौसम के अनुसार अपने दिनचर्या में बदलाव करें, ताकि बढ़ती गर्मी से बचा जा सके।

Exit mobile version