Uttar Pradesh Weather Update:उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है। राज्य के अलग-अलग जिलों में हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। लखनऊ स्थित मौसम केंद्र के अनुसार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से प्रदेश के कई इलाकों में मौसम प्रभावित हुआ है।
मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार रात से उत्तरी तराई क्षेत्र और आसपास के मध्य जिलों में रुक-रुक कर हल्की बारिश हो रही है। इस बदलाव के कारण कई जिलों में दिन और रात के तापमान में भी अंतर देखने को मिला है।
आज तक बारिश का असर रहने का अनुमान
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार प्रदेश में 16 मार्च तक इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है। इसके बाद 17 और 18 मार्च को मौसम शुष्क रहने का अनुमान है, जिससे तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है।
वैज्ञानिकों के अनुसार 19 मार्च से एक और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रदेश में प्रभावी होने की संभावना है। इसके असर से पश्चिमी उत्तर प्रदेश से शुरू होकर 21 मार्च तक राज्य के कई हिस्सों में फिर से बारिश हो सकती है।
कई जिलों में तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।
गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, हापुड़, गाजियाबाद, मेरठ, बागपत, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, शामली और सहारनपुर समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक होने का पूर्वानुमान जताया गया है।
पूर्वी उत्तर प्रदेश में ओलावृष्टि की आशंका
मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई है। आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, बस्ती, कुशीनगर, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, बहराइच और लखीमपुर खीरी समेत कई जिलों में ओले गिरने के आसार हैं।
किसानों को राहत देने के निर्देश
राज्य सरकार ने भी इस मौसम बदलाव को लेकर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हुई बारिश को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलाधिकारियों को फसल क्षति का आकलन करने के लिए क्षेत्रीय दौरे करने के निर्देश दिए हैं।
सरकार ने कहा है कि यदि किसानों की फसलों को नुकसान होता है तो उन्हें समय पर मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
