Weather Forecast :उत्तर भारत में ठंड, कोहरा और बर्फबारी का डबल अलर्ट, कई राज्यों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी

21 दिसंबर को उत्तर भारत में ठंड, घना कोहरा और बर्फबारी से हालात मुश्किल रहेंगे। IMD ने कई राज्यों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। सतर्कता बेहद जरूरी है।

Weather Update

Weather Forecast: दिसंबर की ठंड अब अपने पूरे असर में दिखाई दे रही है। पहाड़ी इलाकों से लेकर उत्तर भारत के मैदानी राज्यों तक कड़ाके की सर्दी और घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। भारत मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 210 दिसंबर को मौसम की स्थिति और ज्यादा कठिन हो सकती है। ठंड, कोहरा और प्रदूषित हवा मिलकर आम जनजीवन को प्रभावित कर सकते हैं।

IMD की चेतावनी: कई राज्यों में रेड और ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने साफ किया है कि पंजाब में 21 दिसंबर की सुबह तक घना से बहुत घना कोहरा छाया रहेगा। हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तरी मध्य प्रदेश और बिहार में 21 दिसंबर की सुबह तक यही स्थिति बनी रह सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 22 दिसंबर तक रात और सुबह घने कोहरे की चेतावनी है। कई इलाकों में रेड अलर्ट जारी किया गया है, जिससे दृश्यता बेहद कम रहने की आशंका है।

दिल्ली-NCR में ठंड, कोहरा और प्रदूषण का ट्रिपल संकट

दिल्ली और आसपास के इलाकों में घना कोहरा और तेज ठंड लोगों को परेशान कर रही है। 20 और 21 दिसंबर को मध्यम से घना कोहरा छाने की संभावना है। दिल्ली-NCR में एयर क्वालिटी इंडेक्स 300 से 450 के बीच पहुंच गया है, जो गंभीर श्रेणी में आता है। IMD ने 20 दिसंबर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। तापमान 8 से 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। हालात ऐसे रहे कि सैकड़ों उड़ानें देरी से चलीं और कई फ्लाइट्स रद्द करनी पड़ीं।

उत्तर प्रदेश में बढ़ी ठंड की मार

उत्तर प्रदेश में दिन में धूप निकलने के बावजूद ठंड कम नहीं हो रही है। रात के समय तापमान तेजी से गिर रहा है। कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे चला गया है। 20 दिसंबर को पश्चिमी और पूर्वी यूपी में मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन घना से बहुत घना कोहरा छाने की आशंका है। लखनऊ, अयोध्या, अमेठी, रायबरेली और मुरादाबाद जैसे जिलों में खास सतर्कता की जरूरत है।
पहाड़ों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट

पश्चिमी हिमालयी इलाकों में मौसम बदल सकता है। 21 दिसंबर को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी हो सकती है, जबकि मैदानी जिलों में कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

बिहार, झारखंड, हरियाणा और पंजाब का हाल

बिहार में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के कारण 12 जिलों में रेड अलर्ट जारी है। झारखंड में ठंडी हवाओं से कनकनी बढ़ गई है। हरियाणा और पंजाब में कोहरे के चलते सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ है। कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं और बस सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं।

रेड और ऑरेंज अलर्ट का मतलब क्या है?

ऑरेंज अलर्ट का मतलब है कि मौसम खतरनाक हो सकता है और सतर्क रहने की जरूरत है। वहीं रेड अलर्ट सबसे गंभीर चेतावनी होती है, जिसमें जान-माल का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे समय में बिना जरूरत घर से बाहर न निकलें, गर्म कपड़े पहनें और मौसम अपडेट पर नजर रखें।

Exit mobile version