Weather Update:देश के कई राज्यों में मानसून की वापसी शुरू हो चुकी है। इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मंगलवार, 22 सितंबर को उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, झारखंड समेत 13 राज्यों में हल्की से लेकर भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। कई स्थानों पर गरज-चमक, आंधी और तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में हवाओं की रफ्तार 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है। वहीं, पहाड़ी इलाकों में बारिश के कारण भूस्खलन और मलबा आने का खतरा बना हुआ है।
बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम का अपडेट
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अगले 48 घंटों के दौरान पहले डिप्रेशन और फिर डीप डिप्रेशन में बदल सकता है। इसके पश्चिम-उत्तर दिशा में बढ़ने और 23 सितंबर की सुबह के आसपास उत्तरी आंध्र प्रदेश-दक्षिणी ओडिशा तट के पास पहुंचने की संभावना है।
इस मौसम प्रणाली के प्रभाव से 24 सितंबर को ओडिशा और छत्तीसगढ़ में बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं, 21 सितंबर को दक्षिण-पश्चिम मानसून राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के कुछ हिस्सों से वापस लौट चुका है। अगले दो से तीन दिनों में दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन सकती हैं।
उत्तर प्रदेश में आज कैसा रहेगा मौसम?
उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्सों के कई जिलों में 22 सितंबर को हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, आजमगढ़, मऊ, बलिया, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली, मिर्जापुर, सोनभद्र, प्रयागराज और आसपास के क्षेत्रों में मौसम बदल सकता है।
राज्य के पश्चिमी हिस्सों में फिलहाल बारिश का कोई बड़ा अलर्ट नहीं है। राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। 24 सितंबर को पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।
झारखंड और बिहार में बारिश का पूर्वानुमान
झारखंड के कई जिलों में 22 सितंबर को भारी बारिश और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया गया है। बोकारो, चतरा, देवघर, धनबाद, दुमका, पूर्वी सिंहभूम, गढ़वा, गिरिडीह और हजारीबाग समेत कई क्षेत्रों में मौसम खराब रह सकता है। राज्य में बारिश का दौर 26 सितंबर तक जारी रहने की संभावना है।
बिहार में 22 और 23 सितंबर को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि, 24 और 25 सितंबर को राज्य के कई जिलों में बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
दिल्ली और उत्तराखंड का मौसम
दिल्ली में 22 से 24 सितंबर के बीच आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। आज अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
उत्तराखंड के देहरादून, चमोली, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, उत्तरकाशी और नैनीताल समेत कई जिलों में 22 से 25 सितंबर तक बारिश हो सकती है। 25 और 26 सितंबर के दौरान कुछ स्थानों पर बारिश की गतिविधियां बढ़ने तथा भारी बारिश की संभावना है। पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को मौसम अपडेट देखकर ही योजना बनाने की सलाह दी जाती है।

