Falta Election Violence Case: हिंसा मामले में फाल्टा का पुष्पा गिरफ्तार, STF ने दबोचा, चुनाव के दौरान दिए गए बयान फिर चर्चा में

पश्चिम बंगाल एसटीएफ ने फाल्टा चुनाव हिंसा मामले में टीएमसी नेता जहांगीर खान को गिरफ्तार किया है। वह लंबे समय से फरार था। चुनाव के दौरान उसके विवादित बयान और हिंसा के आरोपों ने काफी सुर्खियां बटोरी थीं।

Jahangir Khan Arrested In Falta Case

Jahangir Khan Arrested In Falta Case:पश्चिम बंगाल की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने फाल्टा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ चुके तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) नेता जहांगीर खान को गिरफ्तार कर लिया है। चुनावी हिंसा और अन्य मामलों में आरोपी जहांगीर खान काफी समय से फरार चल रहा था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में कई स्थानों पर छापेमारी कर रही थी। फाल्टा विधानसभा चुनाव के दौरान हुई हिंसा के कारण यह सीट पूरे राज्य में चर्चा का विषय बन गई थी। हालात इतने बिगड़ गए थे कि चुनाव आयोग को वहां का मतदान रद्द करना पड़ा था। बाद में इस सीट पर दोबारा मतदान कराया गया।

आईपीएस अजयपाल शर्मा से हुआ था टकराव

चुनाव के दौरान जहांगीर खान पर ईवीएम में गड़बड़ी करने और मतदान प्रक्रिया को प्रभावित करने जैसे आरोप लगे थे। उस समय फाल्टा में चुनाव पर्यवेक्षक के रूप में आईपीएस अधिकारी अजयपाल शर्मा तैनात थे। उनकी सख्ती के बाद जहांगीर खान के कई बयान चर्चा में आ गए थे।

एक बयान में जहांगीर खान ने कहा था कि अगर अजयपाल शर्मा “सिंघम” हैं, तो वह “पुष्पा” हैं। इस बयान के बाद राजनीतिक माहौल और गर्म हो गया था। सोशल मीडिया पर भी यह बयान खूब वायरल हुआ था।

मतदान से पहले वापस लिया था नाम

फाल्टा सीट पर दोबारा मतदान होने से पहले जहांगीर खान ने अपना नाम वापस लेने का फैसला किया था। हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया था कि यह फैसला किसी पार्टी निर्देश पर लिया गया या उनकी व्यक्तिगत इच्छा थी। इस मामले पर टीएमसी ने साफ कहा था कि नाम वापस लेने का फैसला पूरी तरह जहांगीर खान का निजी निर्णय था। पार्टी नेतृत्व या महासचिव अभिषेक बनर्जी की ओर से ऐसा कोई निर्देश नहीं दिया गया था।

चुनाव में बीजेपी को मिली जीत

दोबारा हुए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को जीत मिली। वहीं जहांगीर खान चुनाव में चौथे स्थान पर रहे। इस हार के बाद टीएमसी के भीतर भी कई सवाल उठे और पार्टी की रणनीति को लेकर चर्चा तेज हो गई। राजनीतिक गलियारों में जहांगीर खान को अभिषेक बनर्जी का करीबी माना जाता रहा है। फाल्टा में मिली हार के बाद विपक्ष ने भी टीएमसी नेतृत्व पर निशाना साधा था।

जहांगीर खान पर दर्ज हैं कई मामले

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार जहांगीर खान के खिलाफ जबरन वसूली, धमकी देने, राजनीतिक हिंसा फैलाने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने जैसे सात से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। स्थानीय स्तर पर अपने प्रभाव और दबदबे के कारण लोग उसे “फाल्टा का पुष्पा” कहकर भी बुलाते थे। अब गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे जुड़े मामलों की आगे जांच कर रही है।

Exit mobile version