Cabinet Meeting : ‘विकसित भारत 2047’ पर एक्शन का निर्देश, मंत्रियों का रिपोर्ट कार्ड पेश, किसको मिली सख्त चेतावनी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंत्रिपरिषद बैठक में ‘विकसित भारत 2047’ को सरकार का लक्ष्य बताया। मंत्रियों का रिपोर्ट कार्ड पेश हुआ, खराब प्रदर्शन करने वालों को चेतावनी मिली और प्रशासनिक सुधारों पर जोर दिया गया।

Narendra Modi Cabinet Meeting:प्रधानमंत्री Narendra Modi ने मंत्रिपरिषद की अहम बैठक में साफ कहा कि ‘विकसित भारत 2047’ केवल एक नारा नहीं है, बल्कि यह सरकार का बड़ा लक्ष्य और देशवासियों से किया गया वादा है। उन्होंने सभी मंत्रियों और अधिकारियों को मिशन मोड में काम करने के निर्देश दिए। पीएम मोदी ने कहा कि हर मंत्रालय को तेजी से फैसले लेने होंगे और जनता से जुड़े कामों में देरी बिल्कुल नहीं होनी चाहिए।
मंत्रियों को जनता के बीच जाने की सलाह

बैठक में प्रधानमंत्री ने मंत्रियों से कहा कि वे ज्यादा से ज्यादा जनता के बीच जाएं और सरकार की योजनाओं व उपलब्धियों की जानकारी लोगों तक पहुंचाएं। उनका कहना था कि सरकार के काम का असर सीधे आम लोगों तक दिखना चाहिए। इसी के साथ ‘ईज ऑफ लिविंग’ और ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ को और बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया।

रिपोर्ट कार्ड ने बढ़ाई हलचल

मंत्रिपरिषद की बैठक में मंत्रालयों का एक खास ‘रिपोर्ट कार्ड’ भी पेश किया गया। यह रिपोर्ट दो बड़े पैमानों पर तैयार की गई थी, जिसमें फाइलों के निपटान की गति और जनता की शिकायतों का समाधान शामिल था। इसके आधार पर सबसे अच्छा काम करने वाले ‘टॉप 5’ और सबसे कमजोर प्रदर्शन करने वाले ‘बॉटम 5’ मंत्रालयों की सूची सामने रखी गई।

खराब प्रदर्शन पर सख्त संदेश

बताया जा रहा है कि जिन मंत्रालयों का प्रदर्शन कमजोर रहा, उन्हें प्रधानमंत्री की तरफ से सख्त चेतावनी दी गई। पीएम मोदी ने साफ कहा कि काम करने के तरीके में तुरंत सुधार लाया जाए। उन्होंने अधिकारियों और मंत्रियों को निर्देश दिए कि फाइलों को लंबे समय तक लंबित न रखा जाए और जनता से जुड़े मामलों का जल्दी निपटारा किया जाए।

प्रशासनिक सुधारों पर जोर

बैठक के दौरान सरकारी प्रक्रियाओं को आसान बनाने पर भी चर्चा हुई। प्रधानमंत्री ने कहा कि जटिल नियमों और लंबी सरकारी प्रक्रियाओं को सरल किया जाएगा ताकि आम लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर कम लगाने पड़ें। उन्होंने नौकरशाही में देरी कम करने और फैसलों की प्रक्रिया को तेज करने पर भी जोर दिया।

ऊर्जा और बायोगैस पर चर्चा

बैठक में ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने और बायोगैस को बढ़ावा देने पर भी विशेष चर्चा हुई। सरकार आने वाले समय में ऊर्जा के नए विकल्पों पर तेजी से काम करने की तैयारी में है। माना जा रहा है कि इससे देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी।

कैबिनेट फेरबदल की अटकलें तेज

इस बैठक के बाद राजनीतिक गलियारों में कैबिनेट फेरबदल की चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। रिपोर्ट कार्ड और मंत्रालयों की रैंकिंग सामने आने के बाद माना जा रहा है कि आने वाले समय में सरकार कुछ बड़े फैसले ले सकती है।

Exit mobile version