UP BJP: बंगाल जीत के बाद अब यूपी, पंजाब पर फोकस, क्या संगठन और सरकार में होंगे बड़े बदलाव

बंगाल और असम में मजबूत प्रदर्शन के बाद भाजपा अब उत्तर प्रदेश और पंजाब पर पूरा ध्यान दे रही है। यूपी में संगठन और योगी मंत्रिमंडल में बड़े बदलाव की तैयारी चल रही है।

UP BJP organization changes

Major Changes:पश्चिम बंगाल में बड़ी जीत हासिल करने के बाद भारतीय जनता पार्टी का उत्साह काफी बढ़ गया है। पार्टी अब अपनी पूरी ताकत उत्तर प्रदेश और पंजाब की राजनीति पर लगाने की तैयारी कर रही है। बंगाल और असम में शपथ ग्रहण समारोह और बिहार में नई सरकार के गठन के बाद भाजपा की नजर अब यूपी पर टिक गई है।
पार्टी नेताओं का मानना है कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे अहम राजनीतिक राज्य है। ऐसे में यहां संगठन और सरकार दोनों स्तर पर बड़े बदलाव किए जा सकते हैं, ताकि चुनावी तैयारी और मजबूत हो सके।

योगी मंत्रिमंडल में हो सकते हैं बदलाव

सूत्रों के मुताबिक, योगी सरकार के कुछ मंत्रियों को संगठन में नई जिम्मेदारी दी जा सकती है। चर्चा है कि चार से पांच चेहरों को मंत्रिमंडल से हटाकर प्रदेश संगठन में लाया जा सकता है। इनमें कुछ ऐसे मंत्री भी शामिल बताए जा रहे हैं, जिनके कामकाज की रिपोर्ट बहुत अच्छी नहीं रही। हालांकि, पार्टी जातीय और सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखकर उन्हें संगठन में जगह दे सकती है।

प्रदेश संगठन में भी नई टीम की तैयारी

भाजपा ने पिछले साल दिसंबर में केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी को उत्तर प्रदेश भाजपा का अध्यक्ष बनाया था। वहीं बिहार के युवा नेता नितिन नवीन को राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है। लेकिन अभी तक दोनों की पूरी टीम का ऐलान नहीं हुआ है।
अब माना जा रहा है कि जल्द ही प्रदेश संगठन और राष्ट्रीय टीम में नए चेहरों को मौका मिलेगा। पार्टी युवा नेताओं और नए चेहरों पर ज्यादा भरोसा दिखा सकती है।

यूपी के कई नेता जा सकते हैं राष्ट्रीय टीम में

राष्ट्रीय संगठन में उत्तर प्रदेश के कई नेताओं की दावेदारी मजबूत मानी जा रही है। खबर है कि पार्टी कुछ पुराने नेताओं की जगह अब कम उम्र के चेहरों को आगे बढ़ा सकती है।
डॉ. लक्ष्मीकांत बाजपेयी, रेखा वर्मा, राधा मोहन अग्रवाल और अरुण सिंह जैसे नेताओं की जगह नई टीम में युवा नेताओं को अहम जिम्मेदारी मिलने के कयास लगाए जा रहे हैं।

कई बड़े नाम चर्चा में शामिल

पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह का नाम इस समय काफी चर्चा में है। संगठन में लंबे अनुभव की वजह से उन्हें राष्ट्रीय टीम या योगी टीम में जगह मिल सकती है। हालांकि माना जा रहा है कि उन्हें राष्ट्रीय संगठन में जिम्मेदारी दी जा सकती है। इसके अलावा पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी, राज्यसभा सदस्य अमरपाल मौर्य और एमएलसी अश्विनी त्यागी के नाम भी चर्चा में हैं। खबर यह भी है कि योगी सरकार के एक कैबिनेट मंत्री को भी राष्ट्रीय टीम में भेजा जा सकता है।

पहले होगा मंत्रिमंडल विस्तार

पार्टी सूत्रों के अनुसार, सबसे पहले यूपी मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा। इसके बाद प्रदेश संगठन और क्षेत्रीय अध्यक्षों के नामों की घोषणा हो सकती है। भाजपा आने वाले चुनावों को देखते हुए संगठन और सरकार दोनों स्तर पर नई रणनीति बनाने में जुटी हुई है। पार्टी चाहती है कि कार्यकर्ताओं में उत्साह बना रहे और चुनाव से पहले मजबूत संदेश दिया जा सके।

Exit mobile version