नई दिल्ली: 1 अक्टूबर साल 2019 को शुरु हुआ बिग बॉस (Bigg Boss) का सीजन 13 तो आप लोगों को याद ही होगा। बिग बॉस के अब तक के इतिहास में इसे सबसे सफल सीजन माना जाता है। सीजन 13 बिग बॉस (Bigg Boss 13) के इतिहास में सबसे लंबा चलने वाला शो भी बना था। दर्शकों की डिमांड पर इसे पूरे 140 दिन चलाया गया था।

इस सीजन के कई कंटेस्टेंट ऐसे थे जिन्हें लोगों का खूब प्यार मिला था, उन्हीं में से सिद्धार्थ शुक्ला (Siddharth Shukla) और शहनाज गिल (Shehnaaz Gill) की जोड़ी थी। दोनों के बीच की नोक-झोंक ने लोगों को खूब एंटरटेन किया था। कभी लड़ाई तो कभी प्यार तो कभी मस्ती-मजाक करते हुए इस सीजन में वह नज़र आए थे।

सिद्धार्थ शुक्ला तो अब इस दुनियां में नहीं रहे हैं लेकिन उनकी सबसे करीबी दोस्त शहनाज गिल को बिग बॉस का सीजन 13 करने के बाद जो कामयाबी मिली है उसकी कल्पना भी उन्होंने शायद ही कभी की होगी। शहनाज आज कामयाबी की बुलंदियों पर हैं। इस बात का अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है अभी हाल ही में शहनाज गिल को डिजिटल पर्सनैलिटी ऑफ द ईयर के अवॉर्ड से भी नवाजा गया है। आज उनके चाहने वाले लाखों में हैं।

आपको बता दें, शहनाज ने एक इवेंट के दौरान कुछ ऐसा काम कर दिया है जिसके चलते वह हर न्यूज पेपर की हेडलाइन पर आ गई हैं। चलिए बताते हैं आखिर ऐसा क्या हुआ जो शहनाज की हर कोई तारीफ कर रहा है।
दरअसल बीती रात यानी 22 फरवरी को मुंबई में लोकमत डिजिटल क्रिएटर्स अवॉर्ड का आयोजन किया गया था। इस अवॉर्ड शो में टीवी से लेकर सोशल मीडिया सेंसेशन स्टार्स ने शिरकत की थी। शहनाज को भी इस इवेंट में डिजिटल पर्सनैलिटी ऑफ द ईयर का अवॉर्ड मिला।

इस दौरान एक्ट्रेस का ऐसा अंदाज दिखा जो पहले कभी नहीं देखा गया था, जब स्टेज पर अवॉर्ड लेने पहुंची शहनाज को होस्ट ने एक गाना गाने के लिए कहा, तो शहनाज ने तुरंत पंजाबी गाना शुरु कर दिया वह गा ही रही थीं कि इसी बीच ‘अजान’ होने लगी। अजान सुनते ही शहनाज ने अपना गाना रोक दिया और वह सम्मान में सर झुकाकर खड़ी हो गईं।

उनका ये वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। उनका ये बर्ताव देखकर हर कोई उनके सभी धर्मों के प्रति सम्मान को देखकर तारीफ कर रहा है। वहीं बात अगर शहनाज गिल के वर्क फ्रंट को लेकर करें तो जल्द ही वह सलमान खान (Salman Khan) की फिल्म ‘किसी का भाई किसी की जान’ से बॉलीवुड में डेब्यू करने जा रही हैं।