लंदन में खालिस्तान समर्थकों विरोध के चलते बुधवार को इंडियन हाई-कमीशन की इमारत पर पहले से भी बड़ा तिरंगा फहराया गया। जब खालिस्तानी समर्थक दोबारा इमारत के सामने आए तो हाई-कमीशन की टीम ने बिल्डिंग की छत के किनारों को राष्ट्रीय ध्वज से ढंक दिया।
इस बीच प्रदर्शनकारियों ने मेट्रो पुलिस पर स्याही, अंडे और पानी की बोतलें फेंकी। हालांकि उन्हें बिल्डिंग से कुछ दूरी पर रोक दिया गया। पिछले हमले के बाद इंडियन हाई-कमीशन की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। कई प्रदर्शनकारियों के हाथ में खालिस्तानी झंडे थे। इस घटना को लेकर ब्रिटिश विदेश मंत्री ने भरोसा जताते हुए कहा है कि वे उच्चायोग की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाएंगे।
‘लंदन में इंडियन हाई-कमीशन पर हमला बर्दाश्त नहीं किया जांएगा’
वहीं ब्रिटेन के विदेश मंत्री जेम्स क्लेवर्ली का कहना है कि लंदन में इंडियन हाई-कमीशन पर हमला बर्दाश्त नहीं किए जांएगे। मैंने हाई-कमिश्नर विक्रम दोराईस्वामी के सामने अपनी बात रखी है। पुलिस इन्वेस्टिगेशन जारी है। हम लगातार लंदन में इंडियन हाई-कमीशन व नई दिल्ली में भारत सरकार के संपर्क में हैं। मेट्रोपॉलिटन पुलिस की मदद से इंडियन हाई-कमीशन में सुरक्षा की समीक्षा की जा रही हैं। हाई-कमीशन में मौजूद स्टाफ की सुरक्षा के लिए जरूरी बदलाव किए जाएंगे।
रविवार को खालिस्तानियों ने प्रदर्शन करते हुए तोड़फोड़ की थी और इंडियन हाई-कमीशन पर लगा तिरंगा उतार दिया था। भारत ने इस घटना पर सख्त विरोध जताया था। हमले के दौरान यहां सिक्योरिटी मौजूद नहीं थी इसके चलते अलगाववादियों के हौसले बुलंद हो गए। इसके बाद लंदन की मेट्रो पुलिस ने यहां सिक्योरिटी के पुख्ता इंतजाम किए। हर जगह बैरिकेडिंग की गई है।
पंजाब में इंटरनेट सुविधा को बहाल करने की उठी मांग
ऐसे में कई लोगों ने पंजाब में अपने परिवार और दोस्तों की सुरक्षा पर चिंता जताई है। राज्य में इंटरनेट सेवा बंद कर दिया गया है। ऐसे में परिवार से बात नहीं हो पा रही है। इसलिए उन्होंने पंजाब में इंटरनेट सुविधा को बहाल करने की मांग की है।
वहीं अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को में भी बुधवार को खालिस्तानी समर्थकों ने भारतीय कॉन्स्यूलेट के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान कॉन्स्यूलेट के आगे भारी संख्या में सिक्योरिटी तैनात रही। मौके पर पुलिस अफसर मौजूद रहे और बैरिकैड लगाकर प्रदर्शनकारियों को कॉन्स्यूलेट में घुसने से रोका गया।