बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह को स्वाइन फ्लू हो गया है। अमित शाह को दिल्ली के AIIMS में भर्ती कराया गया है। स्वाइन फ्लू के कारण उनके सीने में इंफेक्शन हो गया है। इस बात की जानकारी उन्होंने खुद ट्विटर पर दी। उन्होंने ट्वीट किया, ‘मुझे स्वाइन फ्लू हुआ है, जिसका उपचार चल रहा है। ईश्वर की कृपा, आप सभी के प्रेम और शुभकामनाओं से शीघ्र ही स्वस्थ हो जाऊंगा।’
मुझे स्वाइन फ्लू हुआ है, जिसका उपचार चल रहा है। ईश्वर की कृपा, आप सभी के प्रेम और शुभकामनाओं से शीघ्र ही स्वस्थ हो जाऊंगा।
— Amit Shah (@AmitShah) January 16, 2019
बताया जा रहा है कि कमजोरी और बुखार होने के बाद बुधवार रात 8.30 बजे अमित शाह अचानक AIIMS पहुंचे और जांच के दौरान पता चला कि उन्हें स्वाइन फ्लू हुआ है। इसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत एडमिट कर लिया। बताया जा रहा है कि उन्हें अगले दो-तीन दिन तक एडमिट रखा जा सकता है। AIIMS के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ, रणदीप गुलेरिया की देखरेख में शाह का इलाज चल रहा है। अस्पताल में भर्ती होने के बाद नेताओं का अमित शाह से मिलने का सिलसिला शुरु हो गया है इस क्रम में पीयूश गोयल, मीनाक्षी लेखी, महेशगिरी समेत कई नेता अभी तक अस्पताल पहुंच चुके हैं और सभी ने उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना की है।
इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह और बिहार से लोकसभा सांसद रामकृपाल यादव ने अमित शाह के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। राजनाथ सिंह ने ट्वीट किया, ‘अमितभाई, आपके जल्द से जल्द स्वस्थ होने की मैं ईश्वर से कामना करता हूं।’ रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा ने भी ट्वीट कर उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।
रामकृपाल यादव ने ट्वीट किया, ‘आपके जल्द स्वस्थ होने की भगवान से प्रार्थना है।’ सोशल मीडिया पर सक्रिया भाजपा के तमाम समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने भी उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
बता दें कि भाजपा 20 जनवरी से पश्चिम बंगाल में रैलियों की तीन दिवसीय श्रृंखला शुरू करने जा रही है। इन रैलियों को अमित शाह ही संबोधित करेंगे। अमित शाह ने राज्य की 42 लोकसभा सीटों में से 22 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है।